भुसावल की पेपर मिल में अचानक लगी आग, करोड़ों का माल जलकर हुआ खाक

भुसावल की पेपर मिल में अचानक लगी आग, करोड़ों का माल जलकर हुआ खाक
  • पेपर मिल में आग लगने से हड़कंप
  • देश में कुछ ही जगहों पर होता है डुप्लेक्स नामक कागज का उत्पादन
  • दूर से ही देखी जा सकती थीं लपटें

डिजिटल डेस्क, जलगांव, अभिजीत अढाव। भुसावल तहसील के सुनसगांव शिवारा की एक पेपर मिल में आग लगने से हड़कंप मच गया। रविवार को लगी इस आग में कागज जलकर खाक हो गए और मशीनरी को काफी ज्यादा हानि पहुंची है, जिससे करोड़ों के नुकसान का अंदेशा है। इस मामले में थाने में सूचना दी गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुट नं. 108 में राजेंद्र चौधरी के स्वामित्व वाली पेपर मिल है। इस जगह डुप्लेक्स नामक कागज का निर्माण होता है। कागज का उत्पादन देश में कुछ ही स्थानों पर होता है। इसका उत्पादन सुदर्शन पेपर मिल में होता है और विदेशों में निर्यात किया जाता है। 28 मई को कंपनी बंद थी। इसी बीच कंपनी में सुबह करीब 11 बजे अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि सब कुछ जलकर खाक हो गया।

450 टन सामग्री जलकर खाक

इस घटना में कंपनी में उत्पादित लगभग 450 टन डुप्लेक्स पेपर माल, कच्चा माल जलकर खाक हुआ। आग इतनी भीषण थी कि उसकी लपटें दूर से ही देखी जा सकती थीं। आग लगने की घटना का पता चलते ही स्थानीय नागरिक दौड़ पड़े और आग बुझाने का प्रयास किया। पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद तहसील थाना पुलिस पुलिस निरीक्षक विलास शेंडे, सहायक पुलिस अधीक्षक अमोल पवार, पुलिस हेड कान्स्टेबल सूरज पाटिल, गणेश गावले, जगदीश भोई, तलाठी जयश्री पाटिल, सर्किल योगिता पाटिल, महावितरण की टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान भुसावल, दीपनगर, जलगांव से दमकल वाहन बुलाए गए। दमकलकर्मी काफी मशक्कत कर आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।

सुदर्शन मिल के मालिक राजेंद्र चौधरी ने बताया कि पेपर के कच्चे माल में गर्मी के कारण अचानक आग लगने से घटना हुई हो सकती है। जिसमें अंदाजन करोड़ो का नुकसान हुआ है।

Created On :   28 May 2023 11:01 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story