कॉरिडोर : शिर्डी से भरवीर की 80 किलो मीटर की दूरी 45 मिनट में होगी तय

कॉरिडोर : शिर्डी से भरवीर की 80 किलो मीटर की दूरी 45 मिनट में होगी तय
  • 701 किमी लंबा है मुंबई- नागपुर समृद्धि महामार्ग
  • शुक्रवार से शुरू होगी वाहनों की आवा-जाही
  • 55 हजार 477 करोड़ रुपये की लागत से बन रही परियोजना
  • मुंबई से नागपुर पहुंचने में लगेंगे 8 घंटे

डिजिटल डेस्क, सुजीत गुप्ता, मुंबई. महाराष्ट्र की बहुप्रतीक्षित योजनाओं में से एक 701 किमी लंबे मुंबई-नागपुर समृद्धि महामार्ग परियोजना का 600 किमी. का मार्ग पूरी तरह से बन कर तैयार है। अब आगामी शुक्रवार (26 मई) से शिर्डी से भरवीर के बीच 80 किमी. मार्ग पर वाहन दौड़ने लगेंगे। इस मार्ग के खुलने से शिर्डी से भरवीर की दूरी महज 45 मिनट में तय कर पाना संभव होगा। इस पूरे सड़क महामार्ग के तैयार हो जाने के बाद मुंबई से नागपुर केवल 8 घंटे में पहुंना संभव होगा। मौजूदा समय में यह सफर पूरा करने में 13 से 15 घंटे का समय लगता है। करीब 55 हजार 477 करोड़ रुपये की लागत से देश के सबसे अत्याधुनिक हाइवे का निर्माण हो रहा है।

भरवीर से इगतपुरी मार्ग दिवाली तक होगा तैयार

फिलहाल भरवीर से इगतपुरी के बीच काम तेजी से चल रहा है। इस चरण को पूरा करने में करीब 4 महीने का समय लगेगा। एमएसआरडीसी के अधिकारी के मुताबिक, यह चरण दशहरा या दिवाली तक बन कर आवागमन के लिए तैयार हो जाएगा।

एमएसआरडीसी बना रहा महामार्ग

16 पैकेज में हो रहा काम

300 से अधिक छोटे-बड़े पुल होंगे महामार्ग पर

240 छोटे पुल

54 फ्लायओवर

28 बड़े पुल

शिर्डी से भरवीर की 80 किलो मीटर की दूरी 45 मिनट में होगी तय

इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगाया गया

सरकार के इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने की योजना का भी विशेष ख्याल रखा गया है। हर 40 से 50 किमी. तक हाइवे के दोनों तरफ वाहनों के चार्जिंग की व्यवस्था की गई है। हाइवे पर ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) लगाया गया है। इसके जरिए वाहनों की गति, लेन कटिंग, मार्ग में खराब होने वाले वाहनों पर नजर रखी जाएगी

24 इंटरचेंज

करीब 702 किलोमीटर मार्ग के दोनों ही तरफ सुरक्षा दीवार बनाई जा रही है। इस दीवार की लंबाई 1400 किलोमीटर से अधिक है । पूरे मार्ग पर 24 स्थानों पर इंटरचेंज की सुविधा होगी।

मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन

समृद्धि महामार्ग के भरवीर से शिरडी के बीच 80 किमी के इस हिस्से का उद्घाटन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों 26 मई शुक्रवार को होगा।

सुपर कम्यूनिकेशन एक्सप्रेस वे की खासियत

-दोनों ओर कुल आठ लेन

- हर 5 किमी पर इमरजेंसी टेलीफोन

- 15,313 कर्मचारी कर रहे काम

- वाई-फाई सुविधा

- पूरे मार्ग पर सीसीटीवी

रफ्तार के साथ हादसे भी

11 दिसंबर 2022 को नागपुर से शिरडी के बीच समृद्धि महामार्ग का 520 किमी. का पहला चरण शुरू हुआ था। अब तक इस मार्ग पर 22 लाख वाहन दौड़ चुके हैं। वहीं, समृद्धि महामार्ग का पहले चरण शुरू होने के बाद इस मार्ग पर 29 मार्च 2023 तक 253 हादसे हो चुके हैं। इन हादसों में 28 लोगों की मौत हो चुकी है। आरटीआई कार्यकर्ता अजय बोस ने महाराष्ट्र पुलिस (यातायात) से समृद्धि महामार्ग पर होने वाले हादसों की जानकारी आरटीआई के तहत मांगी थी।

Created On :   24 May 2023 12:09 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story