- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मछुआरों से अपील - अमेरिका को छोड़कर...
Mumbai News: मछुआरों से अपील - अमेरिका को छोड़कर अपने देश में ही मछली का व्यापार बढ़ाएं व्यवसायी

- मछली व्यवसाय पर 60 फीसदी टैरिफ
- मंत्री नितेश राणे की मछुआरों से अपील
- देश में ही मछली का व्यापार बढ़ाएं
Mumbai News. अमेरिका ने भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया तो इससे भारत से अमेरिका में निर्यात होने वाले उत्पादों पर असर पड़ना शुरू हो गया है। सबसे पहली मार महाराष्ट्र के मछली व्यवसाय पर पड़ी है। पहले जहां अमेरिका द्वारा भारत से मछली के निर्यात पर साढे 16 फीसदी टैरिफ लगाया जाता था, वहीं अब इसे बढ़ाकर 60 फीसदी कर दिया है। राज्य के मत्स्य एवं बंदरगाह मंत्री नितेश राणे ने कहा कि यह समय चुनौतियों को अवसर में बदलने का है। राणे ने कहा कि इस निर्णय से मछली व्यवसायी परेशान हैं। परंतु यह आत्मनिर्भर बनने का सुनहरा अवसर भी है। राणे ने कहा कि मछली व्यापारी मछलियों की विक्री अपने देश में ही करें। इससे देश की अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ेगा।
मंत्री नितेश राणे ने क्या कहा?
नितेश राणे में कहा कि हम इस कठिन समय को विकास में परिवर्तित करें। हमें अपने निर्यात के रास्तों में बदलाव लाना होगा। महाराष्ट्र समेत भारत का मत्स्य पालन एवं मत्स्य उत्पादन क्षेत्र अपार संभावनाओं से भरा है। अधिक टैरिफ लगने के बाद हमारे पास यह अवसर है कि हम अपने देश के बाजारों में मछली बेचकर भी अच्छी कमाई कर सकते हैं। महाराष्ट्र में पिछले एक वर्ष में मछली उत्पादन में 47 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। यह हमारे देश के मछली किसानों और व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनने का समय है। उन्होंने कहा कि यदि निर्यात में परेशानियां आ रही हैं तो हमें घरेलू बाजार पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। अमेरिका के अलावा यूरोप और वियतनाम जैसे नए वैश्विक बाजारों में भी प्रवेश कर हम एक मजबूत भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।
मंत्री राणे ने जोर देकर कहा कि कोई भी शुल्क भारत की रफ्तार को नहीं रोक सकता। भारत अपने मत्स्य उद्योग को और मजबूत बनाकर न केवल निर्यात को बढ़ावा देगा, बल्कि विश्व स्तर पर एक नई पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि महाराष्ट्र में मत्स्य उद्योग का लगभग डेढ़ से दो लाख करोड़ रुपये का सालाना बाजार है। अब समय आ गया है कि हम अमेरिका को भी सबक सिखाएं। राणे ने कहा कि वह जल्द ही इसको लेकर अमेरिका निर्यात करने वाले मछली के व्यवसायियों से मुलाकात करेंगे।
Created On :   11 Aug 2025 9:32 PM IST