विधान परिषद चुनाव: 9 सीटों पर सभी दलों के 9 उम्मीदवार, निर्विरोध हो जाएगा चुनाव - बच्चू कडू शिंदे गुट में शामिल होने पर मिला टिकट

9 सीटों पर सभी दलों के 9 उम्मीदवार, निर्विरोध हो जाएगा चुनाव - बच्चू कडू शिंदे गुट में शामिल होने पर मिला टिकट
  • विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन
  • अंतिम दिन राजनीतिक हलचल तेज रहने के साथ-साथ सभी समीकरण भी साफ
  • कुल 9 सीटों के लिए ठीक 9 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे

Mumbai News. राज्य में विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन राजनीतिक हलचल तेज रहने के साथ-साथ सभी समीकरण भी साफ हो गए। कुल 9 सीटों के लिए ठीक 9 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं, जिसके चलते अब यह चुनाव निर्विरोध होना तय माना जा रहा है। इन 9 सीटों में से 5 सीटें भाजपा के खाते में गई हैं। भाजपा ने अपने पांच उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, जिनमें सुनील कर्जतकर, माधवी नाईक, संजय भेंडे, विवेक कोल्हे और प्रमोद जठार शामिल हैं। इसके अलावा प्रज्ञा सातव परिषद की एक उपचुनाव सीट के लिए उम्मीदवार होंगी। वहीं शिवसेना (शिंदे) ने नीलम गोर्हे और बच्चू कडू को उम्मीदवार बनाया है। वहीं राकांपा (अजित) से जीशान सिद्दीकी को मैदान में उतारा गया है, जबकि शिवसेना (उद्धव) ने अंबादास दानवे को उम्मीदवार बनाया है।

शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे का नाम भी संभावित उम्मीदवार के तौर पर चर्चा

चुनाव से पहले एक दिलचस्प राजनीतिक स्थिति भी बनी थी। शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे का नाम भी संभावित उम्मीदवार के तौर पर चर्चा में था। कांग्रेस ने संकेत दिए थे कि अगर ठाकरे खुद मैदान में उतरते हैं, तो वे अपने उम्मीदवार नहीं उतारेंगे। हालांकि ऐन वक्त पर उद्धव गुट ने अंबादास दानवे को उम्मीदवार घोषित कर दिया। इसके बाद सभी की नजरें कांग्रेस के रुख पर थीं। हालांकि काफी मान मनौव्वल के बाद कांग्रेस ने दानवे को समर्थन देने का फैसला किया, जबकि भाजपा और शिंदे गुट ने कोई अतिरिक्त उम्मीदवार नहीं उतारा। इसी कारण अब चुनाव में उम्मीदवारों की संख्या सीटों के बराबर हो गई है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक अगर भाजपा अतिरिक्त उम्मीदवार उतारती तो मुकाबला दिलचस्प हो सकता था, लेकिन ऐसा न होने से अब सभी 9 उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय हो गया है।




Created On :   30 April 2026 8:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story