वर्ष 2023 डोंगरी ड्रग्स बरामदगी मामले में खुलासा, सलीम डोला था इस पूरे ड्रग्स नेटवर्क का मुख्य सप्लायर - मुख्य आरोपी है फैसल

वर्ष 2023 डोंगरी ड्रग्स बरामदगी मामले में खुलासा, सलीम डोला था इस पूरे ड्रग्स नेटवर्क का मुख्य सप्लायर - मुख्य आरोपी है फैसल
  • सलीम डोला से हर महीने 17 लाख की ड्रग्स खरीदता था मुख्य आरोपी फैसल शेख
  • मुख्य आरोपी फैसल शेख उसे 18 लाख में बेचता था
  • सलीम डोला था इस पूरे ड्रग्स नेटवर्क का मुख्य सप्लायर

Mumbai News. वर्ष 2023 में सामने आए डोंगरी ड्रग्स बरामदगी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है, जिसमें पूरे नेटवर्क के मुख्य सप्लायर के रूप में कुख्यात तस्कर सलीम इस्माइल डोला की भूमिका सामने आई है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने लंबे समय से फरार चल रहे डोला को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को उसे मुंबई की एस्प्लेनेड कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 8 मई 2026 तक एनसीबी हिरासत में भेज दिया। जांच के दौरान एनसीबी को पता चला कि इस मामले का मुख्य आरोपी फैसल जावेद शेख हर महीने सलीम डोला से बड़े पैमाने पर मेफेड्रोन (एमडी) खरीदता था। एक किलो ड्रग्स की कीमत करीब 17 लाख रुपये होती थी, जिसे वह 18 लाख रुपये में बेचता था। इस तरह वह हर महीने लाखों रुपये का अवैध मुनाफा कमा रहा था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि फैसल शेख हर महीने करीब 40 किलो एमडी की खरीद-फरोख्त करता था।

एनसीबी के मुताबिक, सलीम डोला इस पूरे ड्रग्स नेटवर्क का मुख्य सप्लायर था और विदेशों से ड्रग्स की खेप मंगवाकर मुंबई सहित अन्य जगहों पर सप्लाई करता था। एजेंसी ने कोर्ट में दलील दी कि आरोपी लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी के बाद नेटवर्क की पूरी कड़ियां जोड़ने के लिए हिरासत में पूछताछ जरूरी है। यह मामला जून 2023 में सामने आया था, जब डोंगरी इलाके में एनसीबी ने दो अलग-अलग कार्रवाई में कुल 20 किलो मेफेड्रोन बरामद किया था। पहले छापे में 5 किलो और बाद की कार्रवाई में 15 किलो ड्रग्स जब्त की गई थी। इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, सलीम डोला का संबंध अंडरवर्ल्ड से भी जुड़ा हुआ बताया जा रहा है और उसके लिंक दाऊद इब्राहिम से होने की भी आशंका जताई गई है। वहीं, फैसल शेख की जांच में 6.40 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का पता चला है, जिसे फ्रीज कर दिया गया है।एनसीबी का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सलीम डोला से पूछताछ में आने वाले दिनों में ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

Created On :   30 April 2026 8:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story