उठाया मुद्दा: अजितदादा के विमान हादसे की जांच हो, तटकरे की भूमिका भी खंगाली जाए - रामदास कदम

अजितदादा के विमान हादसे की जांच हो, तटकरे की भूमिका भी खंगाली जाए - रामदास कदम
  • कोकण के बांधों में 70 हजार करोड़ के कथित घोटाले का भी उठाया मुद्दा
  • शिवसेना नेता कदम का गंभीर आरोप- तटकरे किसी के सगे नहीं हो सकते

डिजिटल डेस्क, मुंबई. महाराष्ट्र की महायुति सरकार में शामिल दलों के बीच अंदरूनी कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और शिवसेना (शिंदे) के वरिष्ठ नेता रामदास कदम के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। कदम ने तटकरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी राजनीतिक निष्ठा पर सवाल उठाए। यहां तक कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे के पीछे तटकरे की कोई भूमिका है क्या, इसकी भी जांच कराने की मांग कर दी। कदम के इस बयान से महायुति के भीतर सियासी हलचल मच गई है।

रामदास कदम ने तटकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि सुनील तटकरे किसी के सगे नहीं हो सकते। अंतुले साहब के निजी सहायक (पीए) रहते हुए उन्होंने उनका भी राजनीतिक नुकसान किया। कदम ने कहा कि तटकरे के चुनाव में उन्होंने कंधे से कंधा मिलाकर काम किया था, लेकिन उस समय भी कई लोगों ने चेतावनी दी थी कि यह व्यक्ति भविष्य में किसी का नहीं होगा।

योगेश कदम को हराने के लिए भास्कर जाधव की मदद

कदम ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान सुनील तटकरे ने उनके बेटे और विधायक योगेश कदम के खिलाफ काम किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा, शिवसेना और राकांपा (अजित) के गठबंधन के बावजूद गुहागर विधानसभा क्षेत्र में तटकरे ने उद्धव ठाकरे गुट को नेता भास्कर जाधव की मदद की। कदम के मुताबिक, तटकरे बेहद महत्वाकांक्षी हैं और अपने राजनीतिक हितों के लिए कुछ भी कर सकते हैं। उनकी नजर खुद उपमुख्यमंत्री पद पर थी।

कोकण के 16 बांधों में 70 हजार करोड़ के कथित घोटाले का मुद्दा उठाया

रामदास कदम ने कोकण में बांधों के निर्माण को लेकर भी तटकरे पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कोकण के 16 बांधों से जुड़े करीब 70 हजार करोड़ रुपए के कथित घोटाले के आरोप तटकरे पर लगे थे। इनमें पोयनाल बांध भी शामिल था। बांध का काम वर्षों तक अधूरा रहने से 14 गांवों के लोग पानी से वंचित रहे। कदम ने इसके लिए तटकरे को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को समर्थन देने के बाद तटकरे के खिलाफ लगे इन आरोपों को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।

सिर्फ सुर्खियों में रहने के लिए बयानबाजीः पाटील

रामदास कदम के आरोपों पर राकांपा (अजित) के विधायक अनिल पाटील ने कहा कि रामदास कदम अपनी बयानबाजी के लिए जाने जाते हैं। किसी को बदनाम करने और खुद सुर्खियों में बने रहने के लिए इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। पाटील ने कहा कि राजनीतिक नेताओं को बोलते समय अपने पद, बयान के मंच और शब्दों की गंभीरता का ध्यान रखना चाहिए। तटकरे पर लगाए गए आरोप गंभीर हैं। यदि उनमें तथ्य हैं तो जांच होनी चाहिए, लेकिन केवल किसी को संतुष्ट करने के लिए आरोप लगाना उचित नहीं है।

Created On :  

Tags

Next Story