डोंगरी में आग बुझाने में 3 मिनट की जगह 45 मिनट में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम, कार्रवाई की जाए- अमीन पटेल

डोंगरी में आग बुझाने में 3 मिनट की जगह 45 मिनट में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम, कार्रवाई की जाए- अमीन पटेल
  • 45 मिनट की देरी से पहुंचने पर फायर ब्रिगेड पर कांग्रेस विधायक ने उठाए सवाल
  • मनपा अतिरिक्त आयुक्त को लिखा पत्र

डिजिटल डेस्क, मुंबई. डोंगरी पुलिस स्टेशन के सामने डॉ. महेश्वरी रोड पर रविवार रात लगी भीषण आग को लेकर मुंबई फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कांग्रेस विधायक दल के उपनेता एवं विधायक अमीन पटेल ने इस मामले में मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) अतिरिक्त आयुक्त प्राजक्ता लवंगारे-वर्मा को पत्र लिखकर अग्निशमन विभाग की कथित लापरवाही और आग बुझाने में हुई देरी की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पटेल ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी को तत्काल निलंबित करने की मांग भी की है। पटेल के अनुसार 8 नवंबर को रात करीब 8:15 बजे आग लगी थी। शुरुआत में इसे लेवल-1 की आग घोषित किया गया था। घटनास्थल के आसपास तीन फायर स्टेशन मौजूद हैं। मोमिनवाड़ा और वाडी बंदर फायर स्टेशन घटनास्थल से करीब तीन मिनट, जबकि भायखला फायर स्टेशन लगभग पांच मिनट की दूरी पर है। इसके बावजूद पहली दमकल गाड़ी को मौके पर पहुंचने में कथित तौर पर करीब 45 मिनट लग गए।

अमीन पटेल ने पत्र में कहा कि आग लगने के शुरुआती समय में त्वरित कार्रवाई होती तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था। उन्होंने दावा किया कि रात करीब 10:18 बजे उन्होंने खुद मुख्य अग्निशमन अधिकारी से बात की थी। उस समय आग को लेवल-2 घोषित किया गया था, जबकि परिस्थितियों के अनुसार इसे लेवल-3 घोषित किया जाना चाहिए था। इस आग में करीब 500 छोटे औद्योगिक प्रतिष्ठान पूरी तरह जलकर खाक हो गए। इससे कारोबारियों, मजदूरों और उनके परिवारों की आजीविका पर गंभीर संकट पैदा हो गया है। पटेल ने आग की घटना और दमकल पहुंचने में हुई 45 मिनट की देरी की जांच, मुख्य अग्निशमन अधिकारी का निलंबन, प्रभावित 500 औद्योगिक इकाइयों को उचित मुआवजा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आपातकालीन व्यवस्था में सुधार की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

Created On :  

Tags

Next Story