डीआरआई की बड़ी कार्रवाई: दिल्ली-बेंगलुरु बस से 2.40 करोड़ की एम्फ़ेटामाइन ड्रग्स ज़ब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई. राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की मुंबई ज़ोन के अंतर्गत आने वाली नागपुर क्षेत्रीय इकाई ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एक बस से 3.01 किलोग्राम एम्फ़ेटामाइन ड्रग्स ज़ब्त की है। खुले बाजार में इस अवैध मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2.40 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में दो संदिग्ध यात्रियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के बारे में अधिकारियों ने बताया कि उन्हें पुख्ता जानकारी मिली थी कि कुछ तस्कर दिल्ली से बस के रास्ते भारी मात्रा में ड्रग्स लेकर नागपुर के रास्ते बेंगलुरु जाने वाले हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीआरआई नागपुर की टीम ने 28 अक्टूबर 2026 को नागपुर स्थित एनएच-47 पर स्थित भागीमारी टोल प्लाजा के पास घेराबंदी की और संबंधित बस को बीच रास्ते में रोक लिया।
यह भी पढ़े -जालना में 107 महिला श्रमिकों के हिस्टेरेक्टॉमी मामले का एनसीडब्ल्यू ने लिया स्वतः संज्ञान, मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को लिखा पत्र
बस में सवार सभी यात्रियों और उनके सामान की गहन तलाशी ली गई। इस दौरान दो यात्रियों के पास मौजूद सामान में तीन महिलाओं के सूट मिले, जिनका वजन सामान्य से काफी अधिक था। जब अधिकारियों ने उन सूटों की परतें उधेड़कर गहराई से जांच की, तो उनके भीतर सफेद रंग की थैलियों में पारदर्शी पॉलिथीन के पैकेट मिले, जिनमें सफेद रंग का क्रिस्टलीय पदार्थ भरा हुआ था। मौके पर ही मादक पदार्थ की फील्ड टेस्टिंग की गई, जिसमें पैकेट में मौजूद सामग्री के एम्फ़ेटामाइन होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत तीनों पैकेटों में भरे कुल 3.01 किलोग्राम ड्रग्स को ज़ब्त कर लिया गया। मौके पर मौजूद दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया और एनडीपीएस अधिनियम के तहत औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं के तहत 29 अक्टूबर 2026 को नागपुर के जेएफएमसी की अदालत में पेश किया गया। अधिकारियों का कहना है कि राज्य सीमाओं के पार सक्रिय इस तरह के संगठित ड्रग सिंडिकेट्स और नेटवर्क पर लगाम कसने के लिए डीआरआई पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इस मामले में आगे की कड़ियों को जोड़ने और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए विस्तृत जांच जारी है।
Created On :  
