सियासत: बीजेपी को आवश्यकता नहीं बल्कि चव्हाण को है भाजपा की जरूरत-सांसद पाटील- चिखलीकर

बीजेपी को आवश्यकता नहीं बल्कि चव्हाण को है भाजपा की जरूरत-सांसद पाटील- चिखलीकर
  • विधायक प्रणीति शिंदे का दावा - ईडी के जरिए की ब्लैकमेलिंग
  • सांसद पाटील- चिखलीकर ने कहा चव्हाण को है भाजपा की जरूरत

डिजिटल डेस्क, मुंबई. कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को लेकर नांदेड़ सीट से भाजपा सांसद प्रतापराव पाटील- चिखलीकर के तल्ख तेवर कायम हैं। पाटील- चिखलीकर ने कहा कि भाजपा को चव्हाण की जरूरत नहीं है बल्कि उन्हें भाजपा की जरूरत है। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में पाटील- चिखलीकर ने कांग्रेस के उम्मीदवार रहे चव्हाण को हराया था। नांदेड़ की राजनीति में पाटील- चिखलीकर और चव्हाण एक-दूसरे के धुर-विरोधी माने जाते हैं। पाटील- चिखलीकर ने कहा कि राज्य सरकार ने चव्हाण के चीनी मिल को 150 करोड़ रुपए बैंक गारंटी दिया था। इससे स्पष्ट हो गया था कि वे भाजपा में शामिल होंगे। मैं भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में चव्हाण का भाजपा में शामिल होने के फैसले का स्वागत करता हूं। पाटील- चिखलीकर ने कहा कि कांग्रेस ने चव्हाण को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाया था। इसलिए मेरे ख्याल से उन्हें कांग्रेस में बेचैनी नहीं होनी चाहिए थी। लेकिन वे भाजपा में शामिल होने के लिए कई महीनों से प्रयास कर रहे थे। उनके भाजपा में प्रवेश करने के पीछे कई कारण हैं। लेकिन मैं अभी इस पर टिप्पणी नहीं करूंगा। उन्होंने कहा कि नांदेड़, हिंगोली और लातूर जैसे लोकसभा सीट पर भाजपा पहले से मजबूत है। फिर भी चव्हाण के भाजपा में शामिल होने से पार्टी को और ताकत मिलेगी। क्योंकि वे कई सालों तक राज्य में मंत्री और मुख्यमंत्री पद पर काम कर चुके हैं। जनता में एक बड़ा वर्ग उन्हें मानने वाला है।

ईडी के जरिए की ब्लैकमेलिंग - कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधायक प्रणीति शिंदे का दावा

उधर कांग्रेस विधायक एवं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्षा प्रणीति शिंदे ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया है कि भाजपा द्वारा ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) के जरिए बनाए दबाव और ब्लैकमेलिंग के कारण ही अशोक चव्हाण ने कांग्रेस पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए सोलापुर जिले में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं विधायक प्रणीति शिंदे ने कहा, भाजपा ने बार-बार छापेमारी और ईडी के दबाव के जरिए अशोक चव्हाण को ब्लैकमेल किया। भाजपा के बार-बार ईडी के जरिए डराए जाने से अशोक चव्हाण ने कांग्रेस छोड़ दी और इस्तीफा दे दिया। अशोक चव्हाण का इस्तीफा कांग्रेस के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। वह कांग्रेस के एक महान नेता थे। भाजपा की तकनीक ही लोगों को डराने और ब्लैकमेल कर अपने में शामिल करने की है। उन्होंने दावा किया कि, अशोक चव्हाण ने यह फैसला दबाव में लिया है। इस बीच चर्चा है कि कांग्रेस विधायक प्रणीति शिंदे भी भाजपा में शामिल होंगी। इस बारे में पूछे जाने पर विधायक शिंदे ने कहा, हमारे इस्तीफे को लेकर जो बातें कही जा रही हैं वो सब अफवाह हैं। मैंने और सर (सुशील कुमार शिंदे) ने इस संबंध में पहले भी स्पष्टीकरण दिया है। हमारी कोई संस्था, संस्थान नहीं है। इसलिए भाजपा हमें ईडी का डर नहीं दिखा सकती। हम भाजपा के विचारों से सहमत नहीं हैं, इसलिए हमारे कांग्रेस छोड़ने का कोई सवाल ही नहीं है।

Created On :   12 Feb 2024 3:45 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story