खींचतान खत्म: भाजपा ने रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग लोकसभा सीट से नारायण राणे को बनाया उम्मीदवार

भाजपा ने रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग लोकसभा सीट से नारायण राणे को बनाया उम्मीदवार
  • रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग लोकसभा सीट को लेकर चल रही खींचतान खत्म
  • भाजपा ने केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को अपना उम्मीदवार बनाया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. महायुति में रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग लोकसभा सीट को लेकर चल रही खींचतान अब खत्म हो गई है। भाजपा ने गुरुवार को केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को यहां से अपना उम्मीदवार बनाया है। दरअसल, शिंदे गुट की शिवसेना से उदय सामंत के भाई किरण सामंत इस सीट से चुनाव लड़ना चाह रहे थे।

इसको लेकर कई दिन से इस लोकसभा सीट को लेकर खीं;चतान चल रही थी। राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत पांच दिन पहले उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से नागपुर आकर मुलाकात की थी। शिंदे गुट और भाजपा नेताओं के बीच मान मनौवल के बाद तय हुआ कि रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग लोकसभा सीट से केन्द्रीय मंत्री राणे भाजपा की ओर से चुनाव लड़ेंगे।

राणे का इस सीट पर उद्धव ठाकरे गुट के विनायक राऊत से मुकाबला होगा।

दरअसल शिंदे गुट का कहना था कि पिछले दो लोकसभा चुनाव से यह सीट शिवसेना (अविभाजित) की रही है। इसलिए इस सीट पर हमारा दावा होता है, लेकिन भाजपा इस सीट को छोड़ने को तैयार नहीं थी। हालांकि भाजपा ने सीट बंटवारे में बाजी मार ली। राज्य सरकार में मंत्री और शिंदे गुट के नेता उदय सामंत ने कहा कि उनकी पार्टी रत्नागिरी सीट से राणे को पूरी मदद करेगी। युति में दरार न आए इसलिए हमने इस सीट को छोड़ने का फैसला किया है। इस सीट पर राणे का मुकाबला उद्धव गुट के उम्मीदवार विनायक राऊत से होगा।

रायगड से सुनील तटकरे और सोलापुर से प्रणीति शिंदे ने भरा पर्चा

राकांपा (अजित) सांसद सुनील तटकरे ने गुरुवार को पूरे दलबल के साथ रायगड से नामांकन दाखिल कर दिया। इस मौके पर महयुति के कई नेता मौजूद रहे। तटकरे ने पिछले लोकसभा चुनाव में उद्धव गुट के अनंत गीते को एक लाख से ज्यादा मतों से हराया था। इस चुनाव में भी तटकरे का सामना अनंत गीते से ही होगा। उधर सोलापुर से प्रणीति शिंदे ने भी नामांकन दाखिल कर दिया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले भी मौजूद थे। प्रणीति पहली लोकसभा चुनाव मैदान में उतर रही हैं।

पूर्व विदर्भ की पांच सीटों पर मतदान

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में महाराष्ट्र की पांच सीटों पर शुक्रवार को मतदान होगा। पूर्व विदर्भ की रामटेक, नागपुर, भंडारा-गोंदिया, गडचिरोली-चिमूर और चंद्रपुर सीट पर वोट डाले जाएंगे। इन पांचों सीटों पर कुल 97 उम्मीदवार उतरे हैं। नागपुर सीट पर भाजपा के उम्मीदवार तथा केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी और चंद्रपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी तथा प्रदेश के वन मंत्री सुधीर मुनगंटीवार समेत कई उम्मीदवार मैदान में हैं।

Created On :   18 April 2024 1:59 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story