दावा सच निकला, दो धड़ों में बंट चुका है शिंदे गुट- संजय राऊत

दावा सच निकला, दो धड़ों में बंट चुका है शिंदे गुट- संजय राऊत
  • राऊत ने शिंदे गुट पर एक बार फिर निशाना साधा
  • दावे पर अब मुहर लग चुकी है
  • पार्टी में नहीं है कोई गुटबाजी: शिंदे

डिजिटल डेस्क, मुंबई. शिवसेना (उद्धव गुट) सांसद एवं प्रवक्ता संजयराऊत ने शिंदे गुट पर एक बार फिर निशाना साधा है। शनिवार को मीडिया से बातचीत में संजय राऊत ने कहा कि उन्होंने कुछ दिन पहले जो दावा किया था कि शिंदे गुट दो धड़ों में बंट चुका है, उस पर अब मुहर लग चुकी है। राऊत ने कहा कि शिवसेना सांसद गजानन कीर्तिकर इस बात पर मोहर लगा चुके हैं कि भाजपा उनके गुट को तोड़ने का प्रयास कर रही है।

शिंदे गुट के सांसद गजानन कीर्तिकर ने शुक्रवार को भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले मैंने कह दिया था कि भाजपा शिंदे गुट को दो धड़ों में बांटने की साजिश कर रही है, जिसका खुलासा अब खुद उनके सांसद कर रहे हैं। राऊत ने कहा कि यह भाजपा की एक सोची-समझी साजिश है।

राऊत ने कहा कि भाजपा असगर (सांप) की तरह काम कर रही है। भाजपा को जैसे ही मौका मिलता है, तो वह अपने साथियों को डस लेती है। उन्होंने कहा कि शिंदे गुट कोई पार्टी नहीं है, बल्कि भाजपा का मुर्गीबाड़ा है और एक दिन उनकी बलि दे दी जाएगी। राऊत ने कहा कि हमें भाजपा की मंशा की जानकारी पहले ही लग गई थी इसलिए हमने उनसे अपना नाता तोड़ लिया था। अब भाजपा को शिंदे गुट मिल गया है, जिस का खात्मा करके ही भाजपा दम लेगी।

पार्टी में नहीं है कोई गुटबाजी: शिंदे

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उनके गुट पर सवाल उठाने पर कहा कि कुछ लोग पार्टी में भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं, जिसमें कोई सच्चाई नहीं है। शिंदे गुट के विधायक संजय शिरसाट ने कहा कि संजय राऊत सुबह के लाउडस्पीकर की तरह हैं, जो हर सुबह बोलता रहता है। शिरसाट ने कहा कि हमारी पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। संजय राऊत अपने बचे हुए विधायकों को संभाल कर रखें, कहीं वह भी अगले कुछ दिनों में हमारे साथ ना आ जाएं।



Created On :   28 May 2023 12:06 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story