- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- सीएम ने कहा - बारिश से हुए नुकसान...
Mumbai News: सीएम ने कहा - बारिश से हुए नुकसान का तत्काल करें पंचनामा, विपक्ष ने सरकार को घेरा

- रायगड में एक व्यक्ति की मौत
- आदित्य ठाकरे ने शिंदे से पूछा, खुद को 'इंफ्रा-मैन' कहने वाले लोग अब कहां हैं
- मुंबई महानगरपालिका के दावों की पोल खुल गई
- सरकार की लापरवाही का नतीजा : पटोले
Mumbai News. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई महानगर क्षेत्र, पुणे, सातारा, सोलापुर समेत राज्य के दूसरे जिलों में मूसलाधार बारिश का हुए नुकसान का तत्काल पंचनामा करने के आदेश प्रशासन को दिए हैं। उन्होंने संपूर्ण प्रशासन को अलर्ट पर रहने के निर्देश भी दिए हैं। सोमवार को मुंबई, ठाणे सहित एमएमआर क्षेत्र, पुणे, सातारा, सोलापुर और रायगड में अतिवृष्टि हुई है। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री ने बारिश की स्थिति का दिन भर समीक्षा की। मुख्यमंत्री दिन भर राज्य की मुख्य सचिव सुजाता सौनिक और मंत्रालय में स्थित राज्य आपदा निवारण कक्ष के साथ संपर्क में रहे। मुंबई में अगले 24 घंटे में बिजली गरजने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और आपदा प्रबंधन के विभिन्न तंत्र को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन, राजस्व विभाग, गृह विभाग समेत अन्य विभागों को नियंत्रण कक्ष के माध्यम से तत्काल मदद पहुंचाने और मदद व राहत कार्य के लिए तैयार रहने निर्देश दिए हैं।
रायगड में एक व्यक्ति की मौत
भारी बारिश के कारण बारामती, इंदापुर, फलटण, सोलापुर, मालशिरस, पंढरपुर में जनजीवन प्रभावित रहा। रायगड में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। जबकि अतिवृष्टि के कारण महाड से रायगड किले की सड़क को बंद किया गया है।
मुंबई बारिश पर विपक्ष ने सरकार को घेरा, आदित्य ठाकरे ने शिंदे से पूछा, खुद को 'इंफ्रा-मैन' कहने वाले लोग अब कहां हैं?
मानसून की पहली बारिश में ही मुंबई महानगरपालिका के दावों की पोल खुल गई। बीएमसी प्रशासन के साथ राज्य सरकार भी विपक्ष के निशाने पर है। शिवसेना (उद्धव) विधायक एवं पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा है कि भ्रष्ट सरकार ने सिर्फ अपनी जेब भरने का काम किया है। सड़क निर्माण से लेकर नालों की सफाई तक कोई भी काम भी नहीं हुआ है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए आदित्य ने पूछा कि खुद को 'इंफ्रा-मैन' कहने वाले लोग अब कहां हैं? इस बीच, कांग्रेस और राकांपा (शरद) ने भी पहली बारिश में मुंबई की दुर्दशा पर सवाल उठाए हैं।
आदित्य ठाकरे ने कहा कि मुंबई की सड़कें खुदी पड़ी हैं। लोगों के घरों और दुकानों में पानी घुस गया है। नालों की पर्याप्त सफाई नहीं होने की वजह से ऐसा हुआ है। हमारी सरकार के दौरान परेल और हिंदमाता जैसे इलाकों में कभी पानी नहीं भरता था। लेकिन आज वहां भी पानी भरा हुआ दिख रहा है। उन्होंने कहा कि लोअर परेल और वर्ली जैसे इलाकों में जहां निजी कंपनियों के दफ्तर हैं, वहां के लोगों को जलभराव के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ा। राज्य में भ्रष्टाचार के कारण अंडरग्राउंड मेट्रो तक में पानी घुस गया और मेट्रो का संचालन बंद करना पड़ा। बीएमसी और राज्य सरकार ने जलजमाव से निपटने के सही इंतजाम नहीं किए, जिसके कारण पहली बारिश में ही मुंबई थम गई।
सरकार की लापरवाही का नतीजा : पटोले
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि राज्य की बेलगाम सरकार की लापरवाही का नतीजा है कि मंत्रालय तक में बारिश का पानी घुस गया है। मुंबई शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर पर हजारों करोड़ रुपए खर्च करने के बाद भी यह हाल है। महायुति सरकार ने कुछ दिनों पहले विधानसभा में कहा था कि 31 मई तक शहर की सभी सड़कें कंक्रीट की बन जाएंगी। लेकिन शहर भर में खुदी सड़कों ने मुसीबत बढ़ा दी।
मुंबई को डुबो दिया : तपासे
राकांपा (शरद) मुख्य प्रवक्ता महेश तपासे ने कहा कि महाविकास आघाडी सरकार ने भारी बारिश के दौरान पानी निकासी के लिए उचित कदम उठाए थे। लेकिन मौजूदा सरकार ने हजारों करोड़ रुपए खर्च करने के बाद भी मुंबई को डुबो दिया है। तपासे ने कहा कि आगामी बीएमसी के चुनाव में मुंबई की जनता महायुति सरकार को इसका जवाब जरूर देगी।
Created On :   26 May 2025 9:41 PM IST