सामने आया एकनाथ शिंदे और फडणवीस में कोल्ड वॉर

सामने आया एकनाथ शिंदे और फडणवीस में कोल्ड वॉर
  • विज्ञापन में शिंदे को बताया सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री
  • सोचा नहीं था कि शिंदे इस तरह करेंगे फडणवीस का अपमान-पटोले
  • इतने लोकप्रिय हैं तो चुनाव क्यों नहीं कराते शिंदे: अजीत

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य की शिंदे-फडणवीस सरकार में लगता है आजकल सब कुछ सामान्य नहीं चल रहा है। शिंदे गुट के पांच मंत्रियों को मंत्रिमंडल से हटाने की चर्चा अभी चल ही रही थी कि शिवसेना (शिंदे गुट) के एक विज्ञापन ने राज्य की राजनीति को और गरमा दिया है। एकनाथ शिंदे गुट की अगुवाई वाली शिवसेना ने एक ऐसा विज्ञापन जारी किया जिसमें मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की तुलना में ज्यादा लोकप्रिय बताया गया है। इस विज्ञापन में बताया गया है कि केंद्र में मोदी और राज्य में शिंदे को जनता का अपार समर्थन मिल रहा है।

शिंदे गुट ने मंगलवार को शिवसेना की तरफ से एक विज्ञापन जारी किया। इस पर राजनीति शुरु हो गई। विपक्ष ने जहां इस पर कटाक्ष करना शुरु कर दिया, वहीं भाजपा नेताओं ने दबी जुबान में नाराजगी जताई। विज्ञापन में एक अज्ञात सर्वे के हवाले से कहा गया है कि केंद्र में मोदी और राज्य में शिंदे के नेतृत्व को जनता का समर्थन मिल रहा है। इसमें मोदी और शिंदे की जोड़ी को केंद्र और राज्य में हुए विकास कार्यों को लेकर पहला स्थान दिया गया है। इस सर्वे के मुताबिक भाजपा को 30.2 प्रतिशत जबकि शिवसेना को 16.2 प्रतिशत लोगों ने समर्थन दिया है। यानी राज्य की 46.4 प्रतिशत जनता शिवसेना-भाजपा युति के साथ है। इस सर्वे में यह भी पूछा गया कि राज्य की जनता शिंदे और फडणवीस में से फिर से किसे मुख्यमंत्री देखना चाहती है? विज्ञापन के मुताबिक 26.1 प्रतिशत जनता शिंदे को फिर से मुख्यमंत्री देखना चाहती है जबकि 23.2 प्रतिशत लोग मुख्यमंत्री के तौर पर फडणवीस को पसंद करते हैं। विज्ञापन में यह बताने की कोशिश की गई है कि फडणवीस की तुलना में शिंदे ज्यादा लोकप्रिय हैं।

हमारी युति कुर्सी, स्वार्थ और सत्ता के लिए नहीं: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि सर्वे में मेरी और फडणवीस की लोकप्रियता पर मुहर लगी है। इसके लिए हम जनता के आभारी हैं। हम दोनों जनता के दिल में बसे हुए हैं, इसकी मुझे खुशी है। उन्होंने कहा कि हमारी युति कुर्सी, स्वार्थ और सत्ता के लिए नहीं है। शिवसेना-भाजपा युति अगले सभी चुनाव मिल कर लड़ेगी।

इतने लोकप्रिय हैं तो चुनाव क्यों नहीं कराते शिंदे: अजीत

शिवसेना के सर्वे पर विपक्ष ने दोनों दलों पर कटाक्ष किए हैं। राकांपा नेता अजित पवार ने भाजपा से पूछा कि शिंदे की लोकप्रियता फडणवीस से ज्यादा है, क्या यह बात उनके गले उतरती है? पवार ने कहा कि शिंदे विज्ञापन में अपनी लोकप्रियता के बारे में बता रहे हैं। लेकिन किसानों और बेरोजगारों की सुध नहीं ले रहे हैं। विपक्ष के नेता पवार ने कहा कि शिंदे यदि इतने लोकप्रिय नेता हैं तो फिर चुनाव क्यों टाल रहे हैं?

सोचा नहीं था कि शिंदे इस तरह करेंगे फडणवीस का अपमान-पटोले

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि मैंने ऐसा कभी सोचा नहीं था कि शिंदे उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का इस तरह से अपमान करेंगे। फडणवीस की कुर्सी खतरे में है। इसलिए मैं उन्हें सावधान कर रहा हूं, अभी भी संभल जाओ। उद्धव गुट के सांसद और प्रवक्ता संजय राऊत ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे के विचारों को आगे ले जाने वाले जब विज्ञापन देते हैं तो उसमें बालासाहेब का फोटो नजर नहीं आता है। यह कैसी शिवसेना बन गई है।

सबको पता कौन है लोकप्रिय: बावनकुले

इस विवाद पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने इशारों में मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि बताने की जरूरत नहीं कि राज्य में कौन सबसे लोकप्रिय नेता है। देवेंद्र फडणवीस आज भी जनता के मन में बसते हैं।

उप-मुख्यमंत्री ने सीएम के साथ टाला दौरा

मुख्यमंत्री शिंदे और उप-मुख्यमंत्री फडणवीस मंत्रिमंडल की बैठक में मंगलवार को शामिल हुए। इसके बाद दोनों ही नेता ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के लिए कोल्हापुर जाने वाले थे। लेकिन तय कार्यक्रम के बावजूद फडणवीस ने अपना दौरा रद्द कर दिया। ऐसी चर्चा है कि फडणवीस मुख्यमंत्री से नाराज हैं। हालांकि उप-मुख्यमंत्री के कोल्हापुर नहीं जाने पर मंत्री दीपक केसरकर ने कहा कि उनकी तबीयत खराब है। इसी कारण उन्होंने कोल्हापुर नहीं गए।

Created On :   13 Jun 2023 2:48 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story