महाराष्ट्र में न्याय यात्रा: राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होने उद्धव ठाकरे को कांग्रेस ने दिया निमंत्रण

राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होने उद्धव ठाकरे को कांग्रेस ने दिया निमंत्रण
  • न्याय यात्रा को लेकर डीजीपी से मिले कांग्रेस नेता
  • महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी कांग्रेस नेता की यात्रा
  • महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी कांग्रेस नेता की यात्रा

डिजिटल डेस्क, मुंबई. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में निकली भारत जोड़ो न्याय यात्रा मंगलवार को नंदुरबार से महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी। इसके मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने राहुल गांधी की यात्रा की सुरक्षा को लेकर सोमवार को महाराष्ट्र की पुलिस महानिदेशक रश्मि शुक्ला से मुलाकात की। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार, कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ मौजूद रहे। इसके साथ ही कांग्रेस नेताओं ने महाविकास आघाडी के दलों को भी इस यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण देना शुरू कर दिया है। सोमवार को शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे को यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया।

विपक्ष के नेता वडेट्टीवार ने उद्धव ठाकरे को निमंत्रण देने के बाद कहा कि राज्य की जनता राहुल गांधी का स्वागत करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि आघाडी के सभी दलों के नेताओं को इस यात्रा के लिए निमंत्रण देने की शुरुआत हो चुकी है। उद्धव ठाकरे को भी निमंत्रण दिया गया है। बहुत जल्द दूसरे नेताओं को भी निमंत्रण दिया जाएगा। वडेट्टीवार ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा का महाराष्ट्र में यह अंतिम चरण होगा जो 12 से 17 मार्च तक चलेगा। यात्रा 13 मार्च को धुले, 14 मार्च को नाशिक, 15 मार्च को पालघर एवं ठाणे और 16 मार्च को मुंबई दाखिल होगी। 17 मार्च को मुंबई के शिवाजी पार्क मैदान में राहुल गांधी की सभा होगी। इसके लिए भी प्रदेश कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी है।

मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने कई नेताओं के साथ शिवाजी पार्क के मैदान का भी मुआयना किया, जहां भारत जोड़ो न्याय यात्रा समापान सभा होगी। कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि शिवाजी पार्क में होने वाली राहुल गांधी की सभा से ही राज्य में आगामी लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंका जाएगा। इसमें इंड़िया गठबंधन के प्रमुख नेता शामिल होंगे।

अजित गुट के 12 नेता होंगे भाजपा में शामिल- अतुल लोंढे

प्रदेश कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म "एक्स' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि, धोखे पर धोखा। ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे भाजपा ने ठगा नहीं। लोंढे का कहना है कि अजित गुट के 12 बड़े नेता और मंत्री बहुत जल्द भाजपा में प्रवेश करेंगे। इसके अलावा बाकी बचे हुए लोग शरद गुट में शामिल हो जाएंगे। इसके बाद अजित पवार के पास कुछ नहीं बचेगा। लोंढे की इस पोस्ट से राज्य की राजनीति गरमा गई है।

Created On :   11 March 2024 2:56 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story