ईडी ने पुणे के पूर्व उप महापौर को गिरफ्तार किया, 429 करोड़ के कथित बैंक घोटाले का आरोप

ईडी ने पुणे के पूर्व उप महापौर को गिरफ्तार किया, 429 करोड़ के कथित बैंक घोटाले का आरोप
  • पूर्व उप महापौर को गिरफ्तार
  • 429 करोड़ के कथित बैंक घोटाले का आरोप
  • ईडी की कार्रवाई

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पुणे के पिंपरी चिंचवड़ स्थित सेवा विकास बैंक के पूर्व निदेशक व पूर्व उप महापौर अमर मूलचंदानी को बैंक के हेराफेरी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया है। ईडी की टीम ने उन्हें मुंबई की विशेष अदालत में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें ईडी को 7 जुलाई तक रिमांड पर देने का आदेश दिया है। मूलचंदानी पर 429 करोड़ रूपये के कथित बैंक घोटाले का आरोप है। ईडी ने पिंपरी में सेवा विकास बैंक के पूर्व निदेशक अमर मूलचंदानी के खिलाफ 28 जनवरी को कार्रवाई की थी। ईडी ने लोन मामले में मूलचंदानी और अन्य निदेशकों द्वारा किए गए कथित 429 करोड़ 6 लाख रुपये के गबन के मामले में मूलचंदानी और उनके परिवार के सदस्यों के आवास और कार्यालय पर छापेमारी की थी। ईडी ने मूलचंदानी और उनके परिवार के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और असहयोग करने का अलग से मामला दर्ज किया था।

इसके बाद ईडी ने मूलचंदानी, रोजरी एजुकेशन ग्रुप के निदेशक विनय आरहाना, सागर सूर्यवंशी, खेमचंद भोजवानी और उनके परिवारों की 121 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त कर ली थी।

क्या है मामला

मूलचंदानी ने कथित रूप से अवैध ऋण स्वीकृत कर घोटाला किया था। रोजरी स्कूल के निदेशक विनय आरहाना, सागर सूर्यवंशी, खेमचंद भोजवानी ने सेवा विकास बैंक से लोन लिया था। ईडी की जांच में आरहाना, सूर्यवंशी, भोजवानी के गबन में शामिल होने की बात सामने आने के बाद मूलचंदानी के खिलाफ कार्रवाई की गई।

Created On :   5 July 2023 8:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story