नड्डा से फडणवीस का वादा : महाराष्ट्र में नहीं चलेगा कर्नाटक पैर्टन – 48 से 42 सीटों पर दर्ज करेंगे जीत

नड्डा से फडणवीस का वादा : महाराष्ट्र में नहीं चलेगा कर्नाटक पैर्टन – 48 से 42 सीटों पर दर्ज करेंगे जीत
  • नड्डा से उपमुख्यमंत्री का वादा
  • महाराष्ट्र में नहीं चलेगा कर्नाटक पैर्टन
  • 48 से 42 सीटों पर दर्ज करेंगे जीत

डिजिटल डेस्क, वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में विपक्ष का कर्नाटक पैर्टन नहीं चल पाएगा। महाराष्ट्र में विपक्ष अल्पसंख्यकों का ध्रुवीकरण कर चुनाव नहीं जीत सकता। महाराष्ट्र में केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा का पैर्टन चलेगा। प्रदेश में भाजपा साल 2024 के लोकसभा चुनाव में साल 2014 और 2019 के परिणाम को दोहराएगी। प्रदेश में भाजपा 42 से अधिक सीटें जीतेगी। यह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मेरा वादा है। फडणवीस ने कहा कि कर्नाटक में भी भाजपा लोकसभा की 28 में से 25 सीटें जीतेगी। इसके बाद विपक्ष को कर्नाटक पैर्टन का पता चल जाएगा।

गुरुवार को उपमुख्यमंत्री ने पुणे में प्रदेश भाजपा की कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित किया। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले सहित पार्टी के विधायक, सांसद और मंत्री मौजूद थे। फडणवीस ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा को मिली हार के बाद कुछ लोग अति उत्साहित होकर पेड़ा बांटने लगे हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश के नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में भाजपा के 5 उम्मीदवार केवल 700 से कम वोट से हारे हैं। लगभग 42 सीटों पर हमारे उम्मीदवार 2 से 4 हजार वोटों से पराजीत हुए हैं।

कोई मंत्री पद न मांगे

फडणवीस ने कहा कि इस साल 2023 के आखिर के छह महीने और साल 2024 के आरंभ के छह महीने आगामी चुनावों के चलते काफी महत्वपूर्ण है। इसलिए पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बिना किसी पद के लालच के काम करना होगा। फडणवीस ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार होगा लेकिन कोई मंत्री पद न मांगे। मैं पार्टी के सभी लोगों से त्याग चाहता हूं। मैं भी त्याग करने के लिए तैयार हूं। यदि आप लोग मुझे उपमुख्यमंत्री पद छोड़ने के लिए कहेंगे तो मैं उपमुख्यमंत्री पद छोड़ दूंगा। एक साल घर से बाहर रहकर पार्टी के लिए काम करने के लिए तैयार हूं। इसी तरह पार्टी के हर एक कार्यकर्ता में त्याग करने की भावना होनी चाहिए। आने वाले एक साल में सभी लोगों के त्याग का मूल्यांकन होगा। जिन्होंने त्याग नहीं किया होगा उनका पार्टी में कोई उपयोग नहीं रहेगा। फडणवीस ने कहा कि भाजपा-शिवसेना (शिंदे गुट) का गठबंधन एकदम मजबूत है। महाविकास आघाड़ी में केवल बची हुई शिवसेना (उद्धव गुट) है। इसलिए मुझे विश्वास है कि किसी भी परिस्थिति में भाजपा आगामी मनपा, जिला परिषद, लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करेगी।

मर गया है तोता

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शिवसेना (उद्धव गुट) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिकाओं के जरिए आठ मांगें की थी। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने एक भी मांग को मंजूर नहीं किया है। इसके बावजूद उद्धव अपने दल के नेताओं और पदाधिकारियों से गांवों में जाकर कार्यकर्ताओं को सुप्रीम कोर्ट का फैसला समझाने के निर्देश दिए हैं। लेकिन उद्धव को कोई यह समझाने वाला नहीं है कि तोता मर गया है। फडणवीस ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद साफ हो गया है कि राज्य सरकार पूरी तरह से संवैधानिक है। राज्य सरकार अपना कार्याकाल पूरी करेगी। इसके बाद साल 2024 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करके दोबारा सत्ता में लौटेगी।

तब हमें महाराष्ट्रद्रोही कहा जा रहा था

फडणवीस ने कहा कि राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने अपनी किताब में पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के पास अनुभव और राजनीतिक चतुरता न होने सहित कई टिप्पणी की है। जो बात पवार ने किताब में कही है, वही बात हम लोग कह रहे थे तब हमें महाराष्ट्र द्रोही ठहराया जा रहा था।

परमबीर ने आरोप लगाए, उसमें हमारा क्या दोष

फडणवीस ने कहा कि मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने महाविकास आघाड़ी सरकार और तत्कालीन गृहमंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। इसमें हमारा क्या दोष है? परमबीर को तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई पुलिस आयुक्त बनाया था और उन्होंने ही परमबीर को पद से हटाया भी। फडणवीस ने कहा कि सचिन वझे को भी ठाकरे ने पुलिस दल में वापस लिया था। जिसके बाद से महाविकास आघाड़ी सरकार में वसूली का रैकेट शुरु था। लेकिन मैंने उसको विपक्ष के नेता के रूप में उजागर किया।

Created On :   18 May 2023 4:11 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story