रफ्तार का कहर: दक्षिण मुंबई में हुए दो हादसों में गई पांच की जान, अस्पताल में पांच, कोस्टल रोड पर बेलगाम कार ने ली तीन की जान

दक्षिण मुंबई में हुए दो हादसों में गई पांच की जान, अस्पताल में पांच, कोस्टल रोड पर बेलगाम कार ने ली तीन की जान
  • कालाचौकी में बिजली का करंट लगने से दो की मौत
  • बैरिकेडिंग तोड़ हवा में उड़ी कार, उड़े परखच्चे
  • दर्शन के लिए निकले थे, करंट की चपेट में आए

डिजिटल डेस्क, मुंबई. दक्षिण मुंबई में शनिवार देर रात से रविवार भोर के बीच दो हादसे हुए। जिसमें पांच लोगों ने अपनी जान गंवा दी। शनिवार देर रात कालाचौकी के महागणपति पंडाल के पास शार्ट सर्किट से अस्थाई स्टाल में बिजली का करंट आ गया। जिसके संपर्क में छह लोग आ गए। इसमें दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य झुलस गए। वहीं दूसरी घटना रविवार भोर में 5 बजे के आसपास हुई। जिसमें एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार कोस्टल रोड पुल की बैरिकेडिंग तोड़कर नीचे जा गिरी। कार में चार लोग मौजूद थे। जिसमें से तीन लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है।

दर्शन के लिए निकले थे, करंट की चपेट में आए

कालाचौकी इलाके में महागणपति पंडाल के पास शनिवार रात 2 बजकर 20 मिनट के लगभग शॉर्ट सर्किट हो गया था। इससे पंडाल के पास बने अस्थायी पेयजल स्टॉल में करंट आ गया। इसके संपर्क में छह लोग आ गए। अधिकारियों ने बताया कि करंट की चपेट में आए छह लोगों को तुरंत पास के अस्पतालों में ले जाया गया। जहां उनमें से दो को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एक मनपा अधिकारी ने बताया कि रागिनी घनश्याम यादव (8) को भायखला के मसीना अस्पताल ले गए थे वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि तीन अन्य किरण अकबर नाइक (19), तन्वी नरेश हांडे (19) और साहिल संदीप तारे (19) का अस्पताल में उपचार जारी है। दो अन्य झुलसे लोगों को परेल स्थित ग्लोबल अस्पताल ले जाया गया। जहां सुजाता (33) नामक महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं रूही सिंह (12) की हालत गंभीर है और उसे गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है।

बैरिकेडिंग तोड़ हवा में उड़ी कार, उड़े परखच्चे

रविवार भोर में 5 बजे मरीन ड्राइव से हाजी अली की दिशा में बेहद तेज गति से आ रही बीएमडब्ल्यू कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। पुलिस जांच के अनुसार कार जैसे ही लाला लाजपत राय कॉलेज के पास स्थित लोटस जेट्टी के मोड़ पर पहुंची। चालक ने कार पर अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित वाहन पलक झपकते ही ब्रिज की सुरक्षा दीवार से टकराकर नीचे जा गिरी। घटना की सूचना पाकर पहुंची ताड़देव पुलिस ने कार के हिस्सों को काटकर चारों युवकों को बाहर निकाला और नायर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन युवकों धैर्य दर्शन शेठ (17), आदित्य जकासनिया (19) और शनय गजर (21) को मृत घोषित कर दिया। जबकि आदित्य कल्पेश्वर ओसवाल (23) गंभीर रूप से अस्पताल में भर्ती है। ताड़देव पुलिस स्टेशन की विशेष टीम इस मामले की जांच कर रही है।

Created On :   20 Sept 2026 8:52 PM IST

Tags

Next Story