दिशा सालियन केस: आदित्य ठाकरे की गिरफ्तारी की मांग पर नितेश राणे बोले- जांच के लिए कस्टोडियल पूछताछ का विकल्प

आदित्य ठाकरे की गिरफ्तारी की मांग पर नितेश राणे बोले- जांच के लिए कस्टोडियल पूछताछ का विकल्प
  • राऊत, अंधारे और उद्धव पर दबाव बनाने का आरोप
  • नितेश राणे बोले- जितना बोलेंगे, उतनी ही बढ़ेंगी मुश्किलें
  • एफआईआर में उद्धव-आदित्य का नाम नहीं

डिजिटल डेस्क, मुंबई। दिशा सालियन मौत मामले की सीबीआई जांच के बीच राज्य के मत्स्य एवं बंदरगाह मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे ने शिवसेना (उद्धव) विधायक आदित्य ठाकरे पर हमला बोला है। नितेश ने कहा कि अगर संजय राऊत, सुषमा अंधारे और उद्धव ठाकरे इस मामले को लेकर लगातार बयान देते रहे और जांच को प्रभावित करने की कोशिश की गई, तो सीबीआई के सामने आदित्य ठाकरे को गिरफ्तार कर पूछताछ करने का विकल्प रह जाएगा। एक समाचार चैनल से बातचीत में नितेश ने कहा कि दिशा सालियन का मामला अदालत में है और सीबीआई जांच कर रही है। ऐसे में बाहरी लोगों को जांच को प्रभावित करने वाले बयान देने से बचना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राऊत, अंधारे और उद्धव के बयानों से दिशा के पिता सतीश सालियन पर दबाव बनाया जा रहा है।

एफआईआर में उद्धव-आदित्य का नाम नहीं

दिशा सालियन मामले की सीबीआई एफआईआर में उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे के नाम होने को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी नितेश ने स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि एफआईआर में दोनों के नाम नहीं हैं। उनके मुताबिक, सतीश सालियन ने अपने बयान में उन नामों का उल्लेख करते हुए जांच की मांग की थी। राणे ने कहा कि दिशा मामले को राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, एक परिवार ने अपनी बेटी खोई है और मामले की जांच अब सीबीआई कर रही है। इसलिए जांच को स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ने देना चाहिए और किसी भी पक्ष को जांच में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। यह मामला अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के साथ-साथ कानूनी जांच के केंद्र में है। बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।

पेन ड्राइव जहां पहुंचना था, पहुंच गया

नितेश ने इसी मामले से जुड़े कथित पेन ड्राइव के बारे में भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने संकेत दिया कि पेन ड्राइव ‘जहां पहुंचना चाहिए था, वहां पहुंच चुका है’। हालांकि उन्होंने यह बताने से इनकार किया कि पेन ड्राइव किसके पास भेजा है। गौरतलब है कि नितेश राणे और उनके पिता नारायण राणे ने दिशा की मौत को हत्या बताया था और इससे संबंधित सबूत होने की बात भी कही थी।

Created On :   18 Sept 2026 9:44 PM IST

Tags

Next Story