- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- राज्य में ढाई महीने में 4 करोड़ 36...
Mumbai News: राज्य में ढाई महीने में 4 करोड़ 36 लाख 58 हजार पौधारोपण

Mumbai News प्रदेश सरकार के पौधारोपण अभियान के तहत बीते ढाई महीनों में 4 करोड़ 36 लाख 58 हजार 141 पौधे लगाए गए हैं। राज्य में सबसे ज्यादा पुणे में 40,51,473 पौधे लगाए गए हैं। जबकि सबसे कम मुंबई उपनगर में महज 35 पौधे लगे हैं। वहीं चंद्रपुर में 28,01,859, नांदेड़ में 27,48,228, नाशिक में 25,27,837, पालघर में 24,05,408 और ठाणे में 44,879 पौधारोपण हुआ है।
राज्य सरकार ने साल 2047 के तहत 300 करोड़ पौधारोपण करने की घोषणा की है। इसके तहत साल 2026 में 12 करोड़ 64 लाख 93 हजार 778 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें से अभी तक 4 करोड़ 36 लाख 58 हजार 141 पौधे रोपे गए हैं। यानी राज्य में अभी तक 34.51 प्रतिशत पौधारोपण हुआ है। हालांकि प्रदेश में बारिश नहीं होने के कारण 18 से अधिक जिलों में सूखे की स्थिति भी बनी हुई है। कम बारिश का असर भी पौधारोपण अभियान पर पड़ता नजर आ रहा है। मंत्रालय के एक अधिकारी ने दैनिक भास्कर को बताया कि राज्य के वन विभाग और महाराष्ट्र इंस्टीट्यूशन फॉर ट्रांसफॉर्मेशन (मित्र) मिलकर पौधारोपण अभियान पर निगरानी कर रहा है।
राज्य में जिलेवार पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लेकिन सरकार ने अबकी बार बाकी सरकारी विभागों के लिए पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है। मगर, वन विभाग ने अपने स्तर पर लगभग 3 करोड़ 50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा था। जिसमें से अभी तक 3 करोड़ 29 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। वहीं अगर बाकी विभागों ने प्रयास किया तो इस साल के पौधारोपण के लक्ष्य के करीब पहुंचा जा सकेगा। अधिकारी ने बताया कि पौधारोपण अक्टूबर महीने तक चलेगा। वन विभाग और रेशम विभाग की ओर से कुछ पौधे दिसंबर महीने तक लगाए जाते हैं।
अधिकारी ने बताया कि राज्य के वन व सामाजिक वनीकरण विभाग की 280 नर्सरी में पौधे उपलब्ध हैं। इन पौधों को विभिन्न सरकारी विभागों अथवा निजी संस्थाओं के मांगने पर निर्धारित दर पर उपलब्ध कराया जाता है। इसके अलावा निजी नर्सरी से भी पौधे खरीदने की अनुमति है। इसके पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बीते 30 जून को आयोजित वन विभाग की बैठक में पौधारोपण अभियान को लेकर दिशा निर्देश दिए थे।
मुंबई उपनगर सबसे फिसड्डी : मुंबई शहर में इस साल पौधा लगाने का लक्ष्य तय नहीं किया गया था। इसके बावजूद मुंबई शहर में 19 हजार 554 पौधे लगाए गए हैं। जबकि मुंबई उपनगर में 70,352 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें से अभी तक के आंकड़ों के अनुसार सिर्फ 35 पौधे लगे हैं।
राज्य में 21.25 प्रतिशत हरित क्षेत्र : राष्ट्रीय वन नीति 1988 के अनुसार भारत के कुल भौगोलिक क्षेत्र में से कम से कम 33 प्रतिशत क्षेत्र वनाच्छादित और वृक्षाच्छादित होना चाहिए। इसके तहत महाराष्ट्र में वनाच्छादित क्षेत्र 16.53 प्रतिशत और वृक्षाच्छादित क्षेत्र 4.72 प्रतिशत कुल मिलाकर 21.25 प्रतिशत हरित क्षेत्र (ग्रीन कवर) है।
जिलेवार लगाए गए पौधे
जिला पौधारोपण
पुणे 40,51,473
मुंबई शहर 19,554
मुंबई उपनगर 35
ठाणे 44,879
पालघर 24,05,408
रायगड 4,50,467
नागपुर 8,24,562
नांदेड़ 27,48,228
नाशिक 25,27,837
अहिल्यानगर 17,03,822
अकोला 2,53,624
अमरावती 6,33,617
चंद्रपुर 28,01,809
गडचिरोली 20,91,325
लातूर 16,77,032
नंदूरबार 4,46,537
----------------------------
सरकारी विभागवार पौधारोपण
विभाग पौधारोपण
वस्त्रोद्योग 39,61,257
ग्रामीण विकास 4,42,148
नगर विकास विभाग 3,06,341
कृषि विभाग 9,37,191
स्कूली शिक्षा विभाग 72,130
ऊर्जा विभाग 2,560
गृह विभाग (पुलिस) 1,38,501
गृहनिर्माण 150
महाराष्ट्र बांस बोर्ड 38,15,090
एमएसआरडीसी 4,531
महानगर पालिकाएं 57,250
यह भी पढ़े -अनुपम श्याम बर्थ एनिवर्सरी ‘ठाकुर सज्जन सिंह’ बनकर अमर हुए अभिनेता, यूं तय किया था प्रतापगढ़ से मुंबई तक का सफर
Created On :   19 Sept 2026 7:19 PM IST












