मनोरंजन: रिचा चड्ढा की ‘मुसाफिरी’ का ट्रेलर रिलीज, मुंबई को नए नजरिए से दिखाएंगी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अभिनेत्री रिचा चड्ढा अब अभिनय के साथ नॉन-फिक्शन की दुनिया में भी कदम रख रही हैं। उन्होंने अपनी पहली नॉन-फिक्शन सीरीज ‘मुसाफिरी’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। यह रिचा का यूट्यूब डेब्यू भी है। आठ एपिसोड की इस सीरीज को उन्होंने खुद होस्ट, प्रोड्यूस और लिखा है। इसका पहला एपिसोड 25 सितंबर को नए यूट्यूब चैनल ‘फुल स्टॉप’ पर रिलीज होगा। इसके बाद हर शुक्रवार नया एपिसोड आएगा।
‘मुसाफिरी’ का विचार रिचा को मां बनने के बाद आया। उन्होंने बताया कि इस अनुभव के बाद दुनिया को देखने का उनका नजरिया बदला और अपने आसपास की जानी-पहचानी चीजों को भी नए तरीके से समझने की जिज्ञासा पैदा हुई। रिचा ने हिस्ट्री ऑनर्स की पढ़ाई की है और हमेशा से इतिहास, कला, संस्कृति और लोगों को जानने में उनकी दिलचस्पी रही है। सीरीज का पहला सीजन पूरी तरह मुंबई पर आधारित है।
यह भी पढ़े -दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं रणवीर-दीपिका, सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचकर लिया बप्पा का आशीर्वाद
रिचा इस शहर में एक जिज्ञासु यात्री की तरह सफर करेंगी और यहां की कम चर्चित जगहों, अनसुने इतिहास और दिलचस्प लोगों से दर्शकों को रूबरू कराएंगी। वह स्थानीय लोगों, कलाकारों, इतिहासकारों और अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों से बातचीत भी करेंगी। रिचा ने कहा कि वह खुद से यह सवाल पूछने लगी थीं कि जिस शहर में वह इतने सालों से रह रही हैं, क्या वह वास्तव में उसे जानती हैं। ‘मुसाफिरी’ इसी सवाल का जवाब तलाशने की उनकी कोशिश है। ‘मुसाफिरी’ रिचा चड्ढा और अली फजल के प्रोडक्शन हाउस पुशिंग बटटंस स्टूडियोज की दूसरी प्रोडक्शन है। सीरीज का प्रीमियर 25 सितंबर को होगा।
Created On :   18 Sept 2026 10:35 PM IST












