Oscars 2027: ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री बनी मराठी फिल्म ‘गोंधल’, 33 फिल्मों में से हुआ चयन, मराठी सिनेमा के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर बड़ी उपलब्धि

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को 99वें अकादमी पुरस्कार यानी ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (एफएफआई) ने शुक्रवार को मुंबई में इसकी घोषणा की। संतोष दावखर के निर्देशन में बनी यह फिल्म इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
एफएफआई के अध्यक्ष अभय सिन्हा ने ‘गोंधल’ की टीम को बधाई देते हुए इसे मराठी सिनेमा के साथ-साथ भारतीय फिल्म उद्योग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय सिनेमा की प्रतिभा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगी।
यह भी पढ़े -सिद्धिविनायक मंदिर दर्शन करने पहुंचे रणवीर सिंह-दीपिका पादुकोण, शानदार लुक में दिखा पावर कपल
14 सदस्यीय समिति ने किया चयन
‘गोंधल’ का चयन एफएफआई की 14 सदस्यीय चयन समिति ने किया। प्रसिद्ध फिल्मकार पी. शेषाद्री इस समिति के अध्यक्ष थे। समिति में भारतीय फिल्म उद्योग के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े फिल्मकार और अनुभवी सदस्य शामिल थे। इस साल भारत की आधिकारिक ऑस्कर प्रविष्टि के लिए कुल 33 फिल्मों पर विचार किया गया था। इनमें 14 हिंदी, चार-चार मराठी, तेलुगु और गुजराती, तीन तमिल तथा मलयालम, कोंयाक और नेपाली की एक-एक फिल्म शामिल थीं।
महाराष्ट्र की लोक परंपरा पर आधारित कहानी
संतोष दावखर लिखित और निर्देशित ‘गोंधल’ ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म की कहानी महाराष्ट्र की पारंपरिक ‘गोंधल’ लोक परंपरा और रातभर चलने वाले अनुष्ठान के इर्द-गिर्द बुनी गई है। इसमें किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निशाद भोईर और अनुज प्रभु समेत अन्य कलाकार नजर आते हैं। फिल्म का प्रीमियर गोवा में हुए इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में हुआ था, जहां दावखर को विशेष जूरी सम्मान के लिए सिल्वर पीकॉक मिला था।
यह भी पढ़े -महाराष्ट्र में एफडीए की कार्रवाई, 12 लाख रुपए का गुटखा जब्त, 14 होटल-रेस्तरां के लाइसेंस निलंबित
चौथी मराठी फिल्म जिसे मिली ऑस्कर एंट्री
‘गोंधल’ ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि बनने वाली चौथी मराठी फिल्म है। इससे पहले ‘श्वास’ (2005), ‘हरिश्चंद्राची फैक्टरी’ (2009) और ‘कोर्ट’ (2015) भारत की ओर से ऑस्कर की आधिकारिक प्रविष्टियां रह चुकी हैं। इस मौके पर एफएफआई के उपाध्यक्ष निशांत उज्ज्वल ने भी उम्मीद जताई कि ‘गोंधल’ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाएगी। एफएफआई के अन्य पदाधिकारियों में धर्मेंद्र मेहरा, रवि कोटरकर, संग्राम शिर्के, टी.पी. अग्रवाल और हिराचंद शामिल हैं।
‘गोंधल’ का आधिकारिक चयन ऑस्कर की अंतिम नामांकन प्रक्रिया का पहला चरण है। अब फिल्म अकादमी की इंटरनेशनल फीचर फिल्म प्रक्रिया से गुजरेगी। 99वें अकादमी पुरस्कार 14 मार्च 2027 को आयोजित होने हैं।
Created On :   18 Sept 2026 7:44 PM IST












