विधानमंडल विशेष सत्र: राज्यपाल का अभिभाषण - 1 लाख 53 हजार रिक्त पदों पर हो रही भर्ती, रोजगार के मौके

राज्यपाल का अभिभाषण - 1 लाख 53 हजार रिक्त पदों पर हो रही भर्ती, रोजगार के मौके
  • महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग का होगा विस्तार
  • ठाणे और पालघर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना
  • मुंबई और नागपुर में वाघ नख की प्रदर्शनी

डिजिटल डेस्क, मुंबई. राज्यपाल रमेश बैस ने कहा है कि प्रदेश सरकार युवाओं के लिए रोजगार के नए मौके का निर्माण कर रही है। सरकार ने इस साल 1 लाख 53 हजार से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। मंगलवार को राज्यपाल ने महाराष्ट्र विधानमंडल के विशेष अधिवेशन के मौके पर अपने अभिभाषण में यह बात कही। मंगलवार को विधानभवन के सेंट्रल हॉल में राज्यपाल ने दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। उनके अभिभाषण पर आभार प्रदर्शन का प्रस्ताव पेश हुआ। इस प्रस्ताव पर अब विधानमंडल के मानसून अधिवेशन के दौरान चर्चा होगी।

राज्यपाल ने अभिभाषण के दौरान सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि सरकार ने इस साल सामूहिक प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 61 हजार 576 करोड़ रुपए के निवेश के लिए 75 परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इससे प्रदेश में 53 हजार से अधिक रोजगार का सृजन होगा। सरकार ने अमरावती के पीएम मित्र पार्क स्थापित करने के लिए एक हजार एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया है। इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से एक लाख रोजगार निर्माण होगा। वहीं जनवरी 2024 में दावोस के आयोजित विश्व आर्थिक परिषद में 3 लाख 53 हजार करोड़ रुपए का सामंजस्य करार हुआ है। इससे राज्य में दो लाख रोजगार सृजित होंगे।

सरकार की एकात्मिक व शाश्वत वस्त्रोद्योग नीति 2023-28 के तहत 25 हजार करोड़ रुपए का निवेश आकर्षित होगा। इससे अहले पांच सालों में 5 लाख रोजगार के मौके पैदा होंगे। हरित हाइड्रोजन नीति-2023 के साथ विभिन्न सात कंपनियों के साथ हुए करार से 2,76,000 करोड़ रुपए का निवेश होगा। इससे 64 हजार नौकरियों का सृजन होगा। राज्यपाल ने कहा कि देश की कुल जीडीपी में महाराष्ट्र की हिस्सेदारी 14.2 प्रतिशत है। भारत में होने वाले कुल निर्यात में से महाराष्ट्र की हिस्सेदारी 17.3 प्रतिशत है। राज्य सरकार ने साल 2027-28 तक महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर की बनाने का लक्ष्य रखा है।

नवी मुंबई में एक लाख रोजगार

सरकार के महाराष्ट्र निर्यात प्रोत्साहन नीति-2023 के तहत नई मुंबई के महापे औद्योगिक क्षेत्र में 50 हजार करोड़ रुपए के निवेश से जेम्स एण्ड ज्वेलरी पार्क स्थापित किया जाएगा। इससे एक लाख से अधिक रोजगार निर्माण होगा। जबकि रायगड के दिघी में बल्क ड्रग पार्क की स्थापना के लिए 1 हजार हेक्टेयर जमीन आरक्षित रखी गई है।

ठाणे, अमरावती और नांदेड़ शहर में सीसीटीवी

राज्यपाल ने कहा कि सरकार ने ठाणे शहर में सीसीटीवी लगाने के लिए प्रशासनिक मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके अलावा अमरावती और नांदेड़ शहर में भी सीसीटीवी परियोजना को कार्यान्वित करने का फैसला लिया गया है।

महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग का होगा विस्तार

राज्यपाल ने कहा कि हिंदुहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग का विस्तार होगा। इसके तहत बुलढाणा में सिंदखेडराजा से शेगांव तक चार लेन महामार्ग, भंडारा- गडचिरोली, नागपुर-चंद्रपुर, नागपुर-गोंदिया और जालना से नांदेड़ तक एक्सप्रेस वे का निर्माण प्रस्तावित है। सरकार ने जालना-जलगांव नए ब्रॉडगेज रेलवे मार्ग के लिए 3 हजार 552 करोड़ रुपए और नांदेड़-बीदर नए रेल मार्ग परियोजना के लिए 750 करोड़ रुपए मंजूर किया है।

किसानों को 2200 करोड़ रुपए की नुकसान भरपाई

राज्यपाल ने कहा कि राज्य में फसल बीमा योजना के तहत खरीफ फसल सीजन-2023 में 48 लाख से अधिक किसानों को 2200 करोड़ रुपए से अधिक राशि की नुकसान भरपाई दी है। जबकि रबी फसल सीजन में 71 लाख से अधिक किसानों ने बीमा कराया है। साल 2023 में विभिन्न प्राकृतिक आपदा से प्रभावित 44 लाख 82 हजार किसानों के बैंक खातों में 3825 करोड़ रुपए की मदद प्रदान की गई है।

ठाणे और पालघर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना

राज्यपाल ने कहा कि सरकार ने ठाणे, पालघर, अमरावती, वर्धा, भंडारा, बुलढाणा, गडचिरोली, वाशिम, जालना और हिंगोली में नए सरकारी मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए स्वीकृति दी है। नागपुर के महाराष्ट्र पशु व मत्स्य विज्ञान विश्वविद्यालय के अंतर्गत अहमदनगर के राहता तहसील के सावली विहीर में नए चिकित्सा महाविद्यालय बनाने का फैसला लिया गया है।

दिव्यांगजनों के लिए 5 प्रतिशत आरक्षण

राज्यपाल ने कहा कि राज्य की विभिन्न गृहनिर्माण संस्थाओं को सरकारी जमीन देते समय दिव्यांगजनों के आरक्षण को 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। सरकार के दिव्यांग कल्याण विभाग, दिव्यांगों के द्वार अभियान के तहत 28 जिलों में 85 हजार से अधिक दिव्यांगों ने लाभ लिया है।

चर्नी रोड में बनेगा मराठी भाषा भवन

राज्यपाल ने कहा कि सरकार ने मुंबई के चर्नी रोड में मराठा भाषा भवन के निर्माण के लिए संशोधित प्रारूप को मंजूरी दी। 250 करोड़ रुपए खर्च करके मराठा भाषा भवन बनाया जाएगा।

मुंबई और नागपुर में वाघ नख की प्रदर्शनी

राज्यपाल ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा इस्तेमाल की गई वाघ नख को लंदन के संग्राहलय से लाने के लिए करार किया गया है। इस वाघ नख को मुंबई, नागपुर, सातारा और कोल्हापुर में प्रदर्शनी में रखा जाएगा। इससे लोग वाघ नख को करीब से देख सकेंगे।

अभिभाषण में देरी से पहुंचे ये सदस्य

राज्यपाल का अभिभाषण शुरू होने के बाद लगभग एक दर्जन से अधिक विधायक सेंट्रल हॉल में देरी से पहुंचे। इसमें अधिकांश विधायक सत्तारूढ़ दल के थे। राज्यपाल का अभिभाषण शुरू होने के लगभग 20 मिनट के बाद शिवसेना (शिंदे) के विधायक प्रताप सरनाईक सेंट्रल हॉल में पहुंचे। शिवसेना (शिंदे) के विधायक संजय सिरसाठ, शिवसेना (शिंदे) के विधायक किशोर पाटील, भाजपा विधायक श्रीकांत भारतीय, भाजपा विधायक प्रवीण दटके, राकांपा (अजित) के सदस्य नीलेश लंके, कांग्रेस के विधायक जितेश अंतापुरकर समेत कई विधायक थोड़ी देरी से सदन में आए।


Created On :   20 Feb 2024 3:10 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story