15 जून से मुंबई में जुटेंगे विधायक, मौजूदा चुनौतियों पर होगी चर्चा

15 जून से मुंबई में जुटेंगे विधायक, मौजूदा चुनौतियों पर होगी चर्चा
  • लोकतंत्र को और मजबूत बनाने और मौजूदा चुनौतियों पर होगी चर्चा
  • देश के विधायकों और विधान परिषद सदस्यों का बड़ा जुटान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मुंबई में इसी महीने देश के विधायकों और विधान परिषद सदस्यों का बड़ा जुटान होने जा रहा है। इस सम्मेलन में देश के हर राज्य से लगभग 2500 विधायक और विधान परिषद सदस्य शामिल होंगे। हमारे माननीय लोकतंत्र को मजबूत बनाने और उसके सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम का आयोजक राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन भारत (एनएलसी भारत) है।

लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार ने बताया कि इसका आयोजन 15 से 17 जून तक मुंबई के जियाे वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होगा। उन्होंने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य देश भर से आए विधायकों और एमएलसी के बीच लोकतंत्र के लिए जरूरी चर्चाओं को सुविधाजनक बनाना है, ताकि भारत के विधायी और लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत बनाया जा सके। लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन भी वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रेस कांफ्रेंस से जुड़ीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन अपने आप में विशिष्ट है। यह विधायकों और एमएलसी के लिए एक मंच के रूप में काम करेगा, जहां विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर एनएलसी भारत के संयोजक राहुल कराड ने कहा कि यह सम्मेलन विधायकों और विधान परिषद सदस्यों को एक दूसरे के अनुभवों से सीखने का मौका देने का एक प्रयास है। सम्मेलन को विशेष रूप से शासन, चुनाव और उनसे जुड़ी चुनौतियों जैसे विषयों को संबोधित करने के लिए डिजाइन किया गया है। मीरा कुमार ने बताया कि तीन दिवसीय सम्मेलन में तकनीकी आधारित आर्थिक विकास, अंतर्राष्ट्रीय विधायी प्रथाओं और सामाजिक प्रगति के लिए नौकरशाहों और विधायकों के बीच सहयोगात्मक प्रयासों सहित 10 प्रमुख विषयों को शामिल करते हुए समानांतर पैनल चर्चा होगी।

Created On :   6 Jun 2023 2:44 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story