- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- राज्य में 500 मंदिरों, 60 संरक्षित...
Mumbai News: राज्य में 500 मंदिरों, 60 संरक्षित किलों और 1800 जलस्रोतों का होगा संवर्धन

- सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने दिए निर्देश
- निधि जुटाने पीपीपी मॉडल का होगा विचार
- नाशिक और पुणे में डेस्टिनेशन मैनेजमेंट ऑर्गेनाइजेशन
Mumbai News. प्रदेश में 500 मंदिरों, 60 राज्य संरक्षित किलों और 1800 जलस्रोतों के संवर्धन के लिए विस्तृत प्रारूप तैयार होगा। इस विस्तृत प्रारूप में मंदिरों, संरक्षित किलों, जलस्रोतों का जतन, संवर्धन और पर्यटक की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए सरकार के मित्र संस्था के साथ पुरातत्व विभाग नोडल एजेंसी के रूप में काम करेगा। प्रदेश के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने इस बारे में निर्देश दिए हैं। गुरुवार को मंत्रालय में शेलार ने राज्य के मंदिरों, किलो और ऐतिहासिक इमारतों के संवर्धन को लेकर बैठक की। इसमें मित्र संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रवीण परदेशी और सांस्कृतिक विभाग के सचिव किरण कुलकर्णी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। शेलार ने कहा कि विस्तृत प्रारूप बनाने के बाद प्रत्यक्ष रूप से संवर्धन के काम के लिए आवश्यक निधि का प्रावधान किया जाए। इसके लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल का विचार करें। यदि आवश्यक हुई तो निजी भागीदारी के लिए अलग से नीति तैयार करें। साथ ही निधि जुटाने के लिए विश्व बैंक समेत अन्य विकल्पों पर अध्ययन किया जाए। संवर्धन के काम के लिए परियोजना कार्यान्वयन इकाई (पीआईयू) बनाएं। पीआईयू के लिए ठेके पर चार नए अधिकारी नियुक्त करें।
नाशिक और पुणे में डेस्टिनेशन मैनेजमेंट ऑर्गेनाइजेशन
शेलार ने कहा कि नाशिक, पुणे, छत्रपति संभाजी नगर में ऐतिहासिक इमारतों के संवर्धन और सांस्कृतिक के प्रचार-प्रसार के लिए डेस्टिनेशन मैनेजमेंट ऑर्गेनाइजेशन निर्माण करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जिसमें जिले की ऐतहासिक स्थलों, मंदिरों और किलों का एकात्मिक विस्तृत प्रारूप स्वतंत्र रूप से तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग से चर्चा करके मार्च 2026 तक पहले चरण में 5 मंदिरों, 5 किलों और 5 जलस्रोतों का डेस्टिनेशन मैनेजमेंट शुरू करें। साथ ही इसके काम की शुरुआत करें। इसके लिए संबंधित जिलाधिकारी से चर्चा करके पुरातत्व विभाग का नोडल एजेंसी के रूप में और मित्र संस्था की मदद लें।
Created On :   16 Oct 2025 9:32 PM IST