राजनीति: अजित पवार के दिल्ली नहीं जाने पर उठे सवाल

अजित पवार के दिल्ली नहीं जाने पर उठे सवाल
- क्या शिंदे, फडणवीस और अजित में सब कुछ सामान्य नहीं है

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मराठा आरक्षण को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति गरमाई हुई है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दिल्ली दौरे ने राजनीति को और गर्मा दिया है। लेकिन शिंदे और फडणवीस के साथ अजित पवार के दिल्ली नहीं जाने पर यह मामला अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। खुद अजित पवार ने भी बुधवार को माना कि मुख्यमंत्री शिंदे और उपमुख्यमंत्री फडणवीस के दिल्ली दौरे की उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एका एक दिल्ली के लिए एक साथ मुंबई से दिल्ली रवाना हुए तो खबर सामने आई कि मराठा आरक्षण को लेकर शिंदे और फडणवीस ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस बीच राज्य में एक चर्चा ये भी शुरू हो गई कि जब शिंदे और फडणवीस दिल्ली में मराठा आरक्षण को लेकर अमित शाह से मुलाकात करने के लिए गए तो फिर अजित पवार को दोनों नेताओं ने जानकारी क्यों नहीं दी। शिंदे और फडणवीस के दिल्ली दौरे को लेकर जब अजित से पत्रकारों ने सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि दोनों नेता दिल्ली क्यों गए। इसके बाद राज्य के तीनों सत्ताधारी दलों के बीच तालमेल को लेकर चर्चा शुरू हो गई।

राजनीतिक विश्लेषक रविकिरण देशमुख का कहना है कि हो सकता है कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के पास मराठा आरक्षण को लेकर गए हों कि केंद्र ही अपने स्तर पर इसमें कुछ कर सकता है। देशमुख ने कहा कि अजित ने शिंदे और फडणवीस से शायद यह कह दिया हो कि मराठा आरक्षण का मुद्दा वह अपने स्तर पर निपटा लें। उन्होंने कहा कि वैसे पिछले 15 दिनों में अजित पवार के स्वभाव में कुछ बदलाव देखने को मिला है। ऐसा इसलिए भी हो सकता है कि सत्ता में साथ आने के लिए अजित पवार को केंद्र ने जो वादे किए हों वह पूरे नहीं हो रहे हैं।

यह पहला मामला नहीं है कि जब अजित पवार को लेकर इस तरह की खबरें सामने आई हों। इससे पहले भी शिंदे और फडणवीस ने कुछ दिन पहले दिल्ली का दौरा किया था। उस वक्त भी अजित इनके साथ नहीं गए थे। एक समय चर्चा थी कि पालकमंत्री नहीं बनाए जाने के चलते वह नाराज हैं और इसी दौरान अजित कैबिनेट की एक बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे। हालांकि बैठक में उनके न आने की वजह बीमारी बताई गई थी।

Created On :   26 Oct 2023 1:48 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story