जो किसी ने सोचा नहीं था मोदी ने वह करके दिखाया - अनुराग ठाकुर

जो किसी ने सोचा नहीं था मोदी ने वह करके दिखाया - अनुराग ठाकुर
  • 9 साल पूरे होने पर भाजपा का पूरे देश में महाजनसंपर्क अभियान
  • विपक्ष का गठबंधन नहीं महाठगबंधन है
  • भारत विश्व में सबसे तेजी से बढ़ती 5वीं अर्थव्यवस्था

डिजिटल डेस्क, मुंबई. मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर भाजपा पूरे देश में महाजनसंपर्क अभियान के तहत मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्यों को जनता तक पहुंचाने में जुटी हुई है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर गुरुवार को मुंबई पहुंचे जहां उन्होंने व्यापारियों से लेकर दूसरे तबके के लोगों से मुलाकात की और मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता को बताया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि एक रिपोर्ट से जाहिर होता है कि मौजूदा वित्त वर्ष में भारत सभी देशों को पछाड़कर अर्थव्यवस्था के मामले में पहले पायदान पर पहुंचने वाला है। यह भारत के लिए गर्व की बात है।

भारत विश्व में सबसे तेजी से बढ़ती 5वीं अर्थव्यवस्था - अनुराग ठाकुर

अनुराग ठाकुर सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन करने के बाद मुंबई भाजपा के प्रदेश कार्यालय दादर पहुंचे जहां उन्होंने व्यापारियों के साथ मोदी सरकार के कामकाज को लेकर चर्चा की। सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए ठाकुर ने कहा कि भारत विश्व में सबसे तेजी से बढ़ती 5वीं अर्थव्यवस्था है। पूरी दुनिया के देश भारत की तरफ नजरें गड़ाए बैठे हैं। ठाकुर ने कहा कि पिछले महीने में जीएसटी कलेक्शन ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए और यह एक लाख 84 हजार करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। जिसका भारत की अर्थव्यवस्था में बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई जितनी अर्थव्यवस्था छोड़कर गए उतनी ही अर्थव्यवस्था पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कायम रखी। लेकिन जब से नरेंद्र मोदी ने देश की कमान संभाली है उन्होंने भारत को विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था पर पहुंचा दिया है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री दिन रात एक करके देश को आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं लेकिन भ्रष्टाचार के मामले में जमानत पर चल रहे कांग्रेस नेता विदेशों में जाकर भारत की प्रतिमा को अपने बयानों से धूमिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश में जाकर जहां कार्यक्रम कर रहे हैं उस कार्यक्रम में भारत विरोधी नारे भी लग रहे हैं जिससे भारत का अपमान हो रहा है। दूसरे देशों के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और उनके कामकाज से प्रभावित हैं। अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि यहां तक कि इटली के प्रधानमंत्री भी मोदी को सबसे लोकप्रिय नेता बता चुके हैं। ठाकुर ने गांधी पर निशाना साधते हुए कहा जब चीन भारत को आंख दिखा रहा था तो राहुल गांधी चीन के अधिकारियों के साथ खाना खा रहे थे। यहां तक की राजीव गांधी फाउंडेशन में चीन का पैसा लगा हुआ है। ठाकुर ने कहा कि राहुल की विदेश यात्रा पर सवाल भी उठ रहे हैं कि आखिरकार उनकी इस यात्रा को किसने स्पॉन्सर किया है।

व्यापारियों से बोले ठाकुर, मोदी की योजनाओं को घर-घर पहुंचाओ

व्यापारियों से संवाद करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि पिछले 9 साल में व्यापारियों के लिए मोदी सरकार ने बहुत सी योजनाएं शुरु की हैं जिनसे उनका बिजनेस लगातार बढ़ रहा है। ठाकुर ने व्यापारियों से अपील की कि अपने आसपास के किसी भी प्रधानमंत्री की योजना के लाभान्वित व्यक्ति का वीडियो बनाएं और उसे सोशल मीडिया पर शेयर करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आरोग्य योजना के तहत बहुत लोगों को लाभ मिल रहा है अगर आपके भी पड़ोस में कोई इस योजना का लाभान्वित है तो उसकी चर्चा दूसरे लोगों से जरुर करें। इस मौके पर कुछ व्यापारियों ने अपने व्यापार से संबंधित परेशानियां भी अनुराग ठाकुर को बताईं जिनका समाधान करने का भरोसा ठाकुर ने दिया।

कश्मीर में दोगुना पर्यटन-ठाकुर

भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा कि जो किसी ने सोचा नहीं था वह मोदी जी ने करके दिखा दिया। यूक्रेन में जब युद्ध चल रहा था तो उन्होंने रुस और यूक्रेन के राष्ट्रपति से युद्ध रुकवाकर भारतीयों को वहां से निकाला था। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले कांग्रेस की सरकार में एक के बाद एक घोटाला निकलता था, लेकिन जब से मोदी ने देश की कमान संभाली है तब से एक भी भ्रष्टाचार का मामला सामने नहीं आया है। ठाकुर ने कहा कि जो लोग कश्मीर की सुरक्षा पर सवाल उठाते थे अब वहां पर दोगुना पर्यटन होने लगा है और जी-20 की बैठक भी वहां पर हो रही हैं।

विपक्ष का गठबंधन नहीं महाठगबंधन है- ठाकुर

नीतीश कुमार की अगुवाई में पटना में विपक्षी दलों की होने वाली बैठक पर निशाना साधते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि इसमें कोई बुराई नहीं है जब विपक्ष के नेता एक साथ मिल रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि यह कोई गठबंधन नहीं है बल्कि महाठगबंधन है। फिल्म अभिनेता नसीरुद्दीन शाह द्वारा भारत में सुरक्षा को लेकर सवाल उठाने पर जवाब देते हुए ठाकुर ने कहा कि भले ही उन्हें आजादी पर खतरा लगता हो लेकिन फिर भी मौजूदा सरकार ने उन्हें अभिव्यक्ति की आजादी दी हुई है और बेखौफ बयानबाजी कर रहे हैं।

Created On :   1 Jun 2023 4:28 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story