- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- कुर्ला में ढहाए गए 23 अवैध होटल,...
Mumbai News: कुर्ला में ढहाए गए 23 अवैध होटल, लाड बोले -विधायक निधि के लिए एआई से फर्जी फोन आया था

- विप में नगर विकास राज्य मंत्री मिसाल ने दी जानकारी
- मेरे विधायक निधि के लिए एआई से फर्जी फोन – प्रसाद लाड
- भाजपा सदस्य सिंह ने उठाया था मुद्दा
Mumbai News. मुंबई मनपा ने 1 जुलाई 2024 से 30 जून 2025 के बीच कुर्ला पश्चिम में 108 होटलों और 81 बोर्डिंग- लॉजिंग को बिना लाइसेंस के व्यवसाय करने को लेकर नोटिस जारी करके जब्ती की कार्रवाई की गई है। जबकि 101 अवैध होटलों और बोर्डिंग- लॉजिंग को निर्माण कार्य बंद करने का नोटिस जारी किया गया है। वहीं मुंबई मनपा ने पुलिस की मदद से 23 अवैध होटल और बोर्डिंग- लॉजिंग को ढहा दिया है। जबकि 5 अवैध होटलों को ढहाने की कार्यवाही शुरू है। वहीं 73 होटल चालकों ने मुंबई मनपा के नोटिस के खिलाफ बाम्बे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल किया है। विधान परिषद में प्रदेश की नगर विकास राज्य मंत्री माधुरी मिसाल ने यह जानकारी दी। बुधवार को सदन में भाजपा के सदस्य राजहंस सिंह ने मुंबई मनपा के एल वार्ड विभाग के एलबीएस रोड और साकीनाका परिसर में अवैध रूप से लगभग 50 होटल शुरू होने का मुद्दा उठाया था। ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए सिंह ने अवैध होटलों को लेकर मुंबई मनपा के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एलबीसी रोड पर रात को तीन से चार बजे तक लगातार ट्रैफिक जाम रहता है। इस पर मिसाल ने कहा कि मुंबई मनपा से
अवैध होटलों की जांच को लेकर आठ दिनों में रिपोर्ट मांगी जाएगी। जिसके बाद मैं सदन में इस संबंध में जानकारी दूंगी। इसके साथ ही मुंबई मनपा को अवैध निर्माण के लिए संबंधित वार्ड ऑफिसर की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएंगे।
सिंह और मिसाल आमने-सामने
सदन में सिंह ने कहा कि कुर्ला का सिटी किनारा होटल अवैध है। 16 अक्टूबर 2025 को इस होटल में आग लगने के कारण 7 विद्यार्थियों की मौत हुई थी। इस पर मिसाल ने कहा कि सिटी किनारा होटल अवैध नहीं है। इस होटल के लाइसेंस को लेकर मुंबई मनपा के दो अधिकारियों को निलंबित किया गया था। जिसके बाद सिंह ने कहा कि मुंबई मनपा के अफसरों ने सिटी किनारा होटल के बारे में मिसाल को गुमराह करने वाला ब्रीफिंग किया है।
भिड़ गए परब और शिरसाट
सदन में कुर्ला के अवैध होटलों को लेकर सदन में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने सवाल किया। दानवे ने कहा कि 73 होटल मालिकों को एक साथ अदालत से स्टे कैसे मिल सकता है ? मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि 23 होटल ढहाए नहीं गए हैं बल्कि इन होटलों का कुछ हिस्सा गिराया गया है। इस पर जवाब देने के लिए राज्य के सामाजिक न्याय संजय शिरसाट खड़े हुए। जिस पर शिवसेना (उद्धव) ने कहा कि सदन में नगर विकास राज्य मंत्री मिसाल मौजूद हैं। फिर सामाजिक न्याय मंत्री शिरसाट कैसे जवाब दे रहे हैं ? इसके जवाब में शिरसाट ने कहा कि नियमों के अनुसार कैबिनेट मंत्री किसी भी विभाग के सवाल पर जवाब दे सकते हैं। मिसाल जवाब देते समय मुश्किल में न फंसे। इसलिए मैं उन्हें मदद कर रहा हूं। हालांकि बाद में मिसाल ने ही पूरा जवाब दिया।
मेरे विधायक निधि के लिए एआई से फर्जी फोन – प्रसाद लाड
विधान परिषद में भाजपा के सदस्य प्रसाद लाड को विधायक निधि के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के जरिए फर्जी फोन आया था। सदन में बुधवार को लाड ने कहा कि मेरा फर्जी लेटर हेड और हस्ताक्षर का भी इस्तेमाल हुआ है। लाड ने कहा कि मुझे मंगलवार रात को रत्नागिरी जिलाधिकारी कार्यालय से जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) का फोन आया था। उन्होंने मुझे बताया कि किसी व्यक्ति ने मेरे लेटर हेड पर हस्ताक्षर करके 3 करोड़ 20 लाख रुपए विधायक निधि रत्नागिरी से बीड़ जिले के लिए हस्तांतरित करने की मांग की है। जिसमें 36 विकास कामों की सूची का समावेश है। उन्होंने बताया कि एआई का इस्तेमाल करके फर्जी फोन भी आया था। जिसमें संबंधित व्यक्ति ने मेरी आवाज में कहा कि मैं प्रसाद लाड बोल रहा हूं। तुरंत निधि बीड़ के लिए उपलब्ध कराएं। फिर मैंने पत्र मंगाया तो पता चला कि वह फर्जी है। उस पत्र में मेरा हस्ताक्षर भी फर्जी है। वह फोन में फर्जी था।
मुझे भी आ चुका है फोन - सभापति
सदन में सभापति राम शिंदे ने कहा कि विधायक निधि के लिए फर्जी फोन और पत्र का इस्तेमाल करने का मामला गंभीर हैं। यह मामला सरकार को चुनौती देने वाला है। इसलिए सरकार को ठोस कार्रवाई करने और नीतिगत फैसला लेने की जरूरत है। शिंदे ने बताया कि मुझे भी सभापति बनने से पहले इस तरह का फोन आया था। मैंने तत्काल मामला दर्ज कराया था। भाजपा के भाजपा सदस्य उमा खापरे और भाजपा सदस्य निरंजन डावखरे भी इस तरह से फंस चुके हैं।
Created On :   2 July 2025 9:40 PM IST