Mumbai News: प्रशासनिक संकट - बेस्ट के जीएम की नियुक्ति को लेकर फडणवीस और शिंदे आमने - सामने

प्रशासनिक संकट - बेस्ट के जीएम की नियुक्ति को लेकर फडणवीस और शिंदे आमने - सामने
  • एक दिन में एक ही पद के लिए दो अधिकारियों की नियुक्ति
  • दो अधिकारियों की नियुक्ति से प्रशासनिक संकट
  • फडणवीस और शिंदे आमने - सामने

Mumbai News. महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति सरकार में एक बार फिर समन्वय की गंभीर कमी उजागर हुई है। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) के महाप्रबंधक पद को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आमने-सामने आ गए हैं। मामला उस समय तूल पकड़ गया जब राज्य सरकार के दो अलग-अलग विभागों ने बेस्ट के महाप्रबंधक पद के लिए दो अलग-अलग अधिकारियों की नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया। मुख्यमंत्री फडणवीस के अधीन आने वाले सामान्य प्रशासन विभाग ने आशीष शर्मा को अतिरिक्त प्रभार के तौर पर तुरंत बेस्ट का महाप्रबंधक का पदभार ग्रहण करने का आदेश दिया, जबकि उपमुख्यमंत्री शिंदे के नगर विकास विभाग ने अश्विनी जोशी को अतिरिक्त प्रभार देने का आदेश दिया। ऐसे में एक ही दिन में एक ही जगह के लिए दो अधिकारियों की नियुक्ति ने बैठे बिठाए विपक्ष को मौका दे दिया है।

क्या है मामला?

मामला मंगलवार का है। पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामान्य प्रशासन विभाग ने वस्तु व सेवा कर के आयुक्त आशीष शर्मा को बेस्ट के महाप्रबंधक पद का अतिरिक्त प्रभार लेने का आदेश दिया। शर्मा को आदेश में कहा गया कि वह जल्द बेस्ट के महाप्रबंधक का पदभार संभाले। वैसे बीएमसी का जिम्मा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खाते नगर विकास विभाग के अंतर्गत आता है। लेकिन प्रशासनिक अधिकारी की नियुक्ति करना मुख्यमंत्री के अधिकार क्षेत्र में आता है। इस बीच शिंदे के नगर विकास विभाग ने भी आदेश जारी करते हुए बीएमसी में पहले से ही अतिरिक्त मनपा आयुक्त के पद पर तैनात अश्विनी जोशी की बेस्ट के महाप्रबंधक पद पर नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया। दो अलग-अलग विभागों से एक ही पद के लिए आदेश जारी होने से मामले ने तूल पकड़ लिया। ऐसे में फडणवीस और शिंदे में समन्वय को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

विपक्ष ने साधा निशाना

एक पद के लिए दोहरी नियुक्ति ने न केवल प्रशासनिक अमले में भ्रम पैदा कर दिया बल्कि विपक्ष को भी सरकार पर निशाना साधने का मौका मिल गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि बेस्ट के महाप्रबंधक के पद पर दो अधिकारियों की नियुक्ति होने से मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बीच गैंगवार साफ जाहिर हो गया है। उन्होंने कहा कि दोनों ही नेता मलाईदार जगह पर अपना अधिकारी बैठाने के लिए आतुर हैं। लेकिन महाराष्ट्र की जनता सब कुछ देख रही है। उधर राकांपा (शरद) विधायक रोहित पवार ने तंज कसते हुए कहा कि राज्य की जनता के साथ उन्हें भी उस पल का इंतजार है जब एक ही केबिन में एक पद के लिए दो कुर्सी डाली जाएंगी।

अश्विनी जोशी का आदेश आधिकारिक तौर पर जारी नहीं हुआ- नगर विकास विभाग

उधर नगर विकास विभाग ने बेस्ट के महाप्रबंधक के पद का अतिरिक्त प्रभार अश्विनी जोशी को सौंपने के आदेश के संबंध में खुलासा करते हुए कहा है कि विभाग ने आधिकारिक रूप से जोशी का आदेश जारी नहीं किया है। विभाग के अनुसार 5 फरवरी 2025 के आदेश के मुताबिक एस वी आर श्रीनिवास को बेस्ट के महाप्रबंधक पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था, लेकिन श्रीनिवास 31 जुलाई 2025 को सेवानिवृत हो गए। ऐसे में नगर विकास विभाग को किसी अन्य अधिकारी को कार्यभार सौंपने का निर्देश प्राप्त हुआ था। यही कारण है कि नगर विकास विभाग ने 5 अगस्त को अश्विनी जोशी को बेस्ट के महाप्रबंधक पद का अतिरिक्त कार्यभार लेने का आदेश जारी किया। लेकिन इसी बीच सामान्य प्रशासन विभाग ने भी 5 अगस्त को बेस्ट के महाप्रबंधक पद का अतिरिक्त कार्यभार आशीष शर्मा को लेने का आदेश जारी कर दिया।

Created On :   6 Aug 2025 10:05 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story