- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- बीजेपी की चुनावी हुंकार के बाद अजित...
Mumbai News: बीजेपी की चुनावी हुंकार के बाद अजित पवार कल नागपुर से करेंगे चुनावी शंखनाद

- उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी जल्द शुरू कर सकते हैं चुनावी अभियान की शुरुआत
- अजित पवार कल नागपुर से करेंगे चुनावी शंखनाद
Mumbai News. अगले कुछ महीनों में होने वाले स्थानीय चुनावों को देखते हुए राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा द्वारा हाल ही में की गई चुनावी हुंकार के बाद अब राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं राकांपा (अजित) प्रमुख अजित पवार शुक्रवार से अपने चुनावी शंखनाद की शुरुआत करने जा रहे हैं। पार्टी ने इस आयोजन को राष्ट्रीय चिंतन शिविर का नाम दिया है। खबर है कि आगामी चुनावों को देखते हुए इस शिविर को पार्टी की चुनावी तैयारियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
राकांपा (अजित) प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे ने 'दैनिक भास्कर' को बताया कि पार्टी के इस राष्ट्रीय चिंतन शिविर में प्रमुख एजेंडा आगामी स्थानीय चुनाव होंगे। तटकरे ने कहा कि इसके साथ ही देश भर के नेताओं के साथ यह भी चर्चा की जाएगी कि कैसे पार्टी को देश भर में मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी भी दी जाएंगी। इस शिविर के आयोजन से न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा जा सकेगा बल्कि आगामी स्थानीय चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत भी मानी जा रही है।
शिंदे गुट भी पूरी तरह तैयार, जल्द कर सकते हैं अभियान की शुरुआत
शिवसेना (शिंदे) प्रमुख एवं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी आने वाले दिनों में अपनी पार्टी की ओर से चुनावी अभियान की शुरुआत कर सकते हैं। हालांकि पार्टी के ज्यादातर नेताओं का मानना है कि शिंदे गुट को दशहरा रैली के मौके पर ही अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करनी चाहिए। हालांकि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की जल्द ही इसको लेकर एक बैठक होने वाली है। जिसमें चुनावी अभियान की शुरुआत करने पर फैसला हो सकता है। खबर है कि महायुति के तीनों दल पहले ही पूरी ताकत के साथ एक साथ चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा कर चुके हैं।
Created On :   17 Sept 2025 9:41 PM IST