Mumbai News: टकराव की खबरों के बीच मुख्यमंत्री फडणवीस ने कैबिनेट मंत्रियों को राज्य मंत्रियों के साथ काम बांटने को कहा

टकराव की खबरों के बीच मुख्यमंत्री फडणवीस ने कैबिनेट मंत्रियों को राज्य मंत्रियों के साथ काम बांटने को कहा
  • मंत्री शिरसाट और मिसाल के बीच हुए टकराव के बाद मुख्यमंत्री का फैसला
  • कैबिनेट मंत्रियों को राज्य मंत्रियों के साथ काम बांटने को कहा
  • शिरसाट और माधुरी में कैसे हुआ था टकराव?

Mumbai News. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कैबिनेट मंत्रियों और राज्य मंत्रियों के बीच काम को लेकर हो रहे टकराव से बचाने के लिए रास्ता खोज लिया है। फडणवीस ने सभी कैबिनेट मंत्रियों से कहा है कि वह अपने विभाग के राज्य मंत्री के साथ काम को बांटे ताकि उनका भी वर्कलोड कम हो सके। इससे दोनों में समन्वय भी रहेगा। फडणवीस ने यह फैसला उस घटना के बाद किया है जिसमें सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने सामाजिक न्याय राज्य मंत्री माधुरी मिसाल को पत्र लिखकर उनके द्वारा की जा रही बैठकों पर नाराजगी जताई थी। जिस पर काफी बवाल हो गया था। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार मुख्यमंत्री फडणवीस ने सभी कैबिनेट मंत्रियों से कहा है कि लगभग सभी मंत्रियों के पास दोहरे विभाग हैं। ऐसे में वर्कलोड कम करने के लिए कैबिनेट मंत्रियों को अपने सहयोगी राज्य मंत्री के साथ काम का बंटवारा करना चाहिए। ऐसा करने से राज्य मंत्री के पास काम भी रहेगा और काम का बोझ भी कम होगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और समन्वय अत्यंत आवश्यक हैं। सरकार की योजनाओं और नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि राज्य मंत्री भी अपनी भूमिका को पूरी गंभीरता से निभा सकें। फडणवीस ने राज्य मंत्रियों से भी कहा है कि वे आपसी समन्वय, सहयोग और सम्मान की भावना के साथ कार्य करें, ताकि जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। फडणवीस सार्वजनिक तौर पर कह चुके हैं कि राज्य मंत्री के पास भी उसके विभाग से संबंधित बैठक बुलाने का अधिकार है।

शिरसाट और माधुरी में कैसे हुआ था टकराव?

सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने अपनी सहयोगी और विभाग की राज्य मंत्री माधुरी मिसाल द्वारा अधिकारियों के साथ उन्हें बगैर सूचना दिए बैठक करने पर नाराजगी जताई थी। मिसाल ने इस पर पलटवार करते हुए कहा था कि उनके विभाग की बैठक करना उनका अधिकार क्षेत्र में है और वह आगे भी ऐसी बैठक करती रहेंगी। इसके बाद शिरसाट ने माधुरी मिसाल को एक पत्र लिखकर पूछा था कि क्या वह भविष्य में अधिकारियों के साथ ऐसी बैठकें करने की योजना बना रही हैं? दो मंत्रियों के मतभेद की खबर सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई थी। जिस पर विपक्ष ने तंज भी कसा था।

Created On :   31 July 2025 10:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story