- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- सीएम बोले - मुंबई मनपा लूटने वालों...
गोविंदा आला रे आला: सीएम बोले - मुंबई मनपा लूटने वालों के पाप का हांडी फूटी-आदित्य का पलटवार, मुंबई और ठाणे में गोविंदा की रही धूम

- जरा मटकी संभाल बृजबाला
- सीएम का शिवसेना उद्धव गुट पर निशाना
- पंडालों की गणेश मूर्तियों का ऑनलाइन हो सकेगा दर्शन
Mumbai News. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दही हांडी उत्सव पर शिवसेना (उद्धव) पर निशाना साधा है। शनिवार को मुख्यमंत्री दिन भर में दही हांडी उत्सव के अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए। वरली में फडणवीस ने कहा कि मुंबई मनपा को लूटने वालों के पाप का हांडी फुट चुकी है। उनका इशारा मुंबई मनपा में लगभग 25 सालों तक सत्ता में रहे पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की ओर था। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी मुंबई मनपा चुनाव में परिवर्तन निश्चित रूप से होगा। क्योंकि पाप की हांडी फुट चुकी है। अब नई विकास की हांडी लगने वाली है। इस नई हांडी का माखन समाज के सभी लोगों तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। फडणवीस ने कहा कि अभी तक हांडी का माखन कौन खा रहा था? राज्य मुंबई समेत राज्य की जनता को पता है। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री के बयान पर शिवसेना (उद्धव) के विधायक आदित्य ठाकरे पर पलटवार किया है। आदित्य ने कहा कि त्यौहार के मौके पर राजनीतिक टिप्पणी करना एक बचकाना हरकत है। मुझे इससे ज्यादा और कुछ नहीं बोलना है। आदित्य ने कहा कि माखन वही लोग खा रहे हैं जो लोग सत्ता की हांडी को पकड़े हुए हैं।
जरा मटकी संभाल बृजबाला
मुंबई, ठाणे सहित पूरे राज्य में शनिवार को दही-हांडी उत्सव उत्साह के साथ मनाया गया। विभिन्न दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों की ओर से आयोजित दही-हांडी उत्सव में करोड़ों के पुरस्कार रखे गए थे। इस दौरान ठाणे के संस्कृति युवा प्रतिष्ठान और प्रताप सरनाईक फाउंडेशन के दही-हांडी उत्सव में दस थर लगाकर जोगेश्वरी के ‘कोकणनगरचा राजा' मंडल ने नया कीर्तिमान बनाया। उन्हें पुरस्कार स्वरूप 25 लाख रुपए देने की घोषणा राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने की। इसके पहले जय जवान मंडल के नाम नौ थर लगाने का कीर्तिमान दर्ज था। कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर दंही-हांडी उत्सव में नेताओं की भी उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे शहर के बड़े दही-हांडी मंडलों के उत्सवों में शामिल हुए। शहर में मुंबई भाजपा अध्यक्ष और सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार, शिवसेना (शिंदे) विधायक प्रकाश सुर्वे, भाजपा विधायक राम कदम, भाजपा विधायक कालीदास कोलंबकर, ठाणे में परिवहन मंत्री सरनाईक, शिवसेना (शिंदे) के पूर्व विधायक रवींद्र फाटक के दही-हांडी आकर्षण का केंद्र रहे।
पंडालों की गणेश मूर्तियों का ऑनलाइन हो सकेगा दर्शन
प्रदेश सरकार की ओर से इस साल गणेश उत्सव को राज्य महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। राज्य के सांस्कृतिक कार्य विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। इसके अनुसार राज्य के प्रमुख गणेश मंदिरों और सार्वजनिक गणेश मंडलों का ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए पी एल देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी के माध्यम से एक पोर्टल विकसित किया जाएगा। घरेलू गणेश उत्सव की तस्वीरों को अपलोड करने के लिए एक डिजिटल प्लैटफार्म बनाया जाएगा। राज्य के उत्कृष्ट सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों को तहसील, जिला और राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। राज्य के लगभग 480 सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों को 1 करोड़ 50 लाख रुपए का पुरस्कार वितरित किया जाएगा। कला अकादमी की तरफ से पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा। राज्य के पंजीकृत और भजन क्षेत्र की प्रमुख संस्थाओं को पूंजी खर्च के लिए 5 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। राज्य के सांस्कृतिक कार्य निदेशालय के माध्यम से प्रमुख शहरों में ड्रोन शो का आयोजन होगा। राज्य महोत्सव का डाक टिकट जारी किया जाएगा। राज्य महोत्सव का विशेष सिक्का प्रकाशित किया जाएगा। गोरेगांव स्थित दादासाहेब फालके फिल्म सिटी के माध्यम से भी गणेश उत्सव को व्यापक रूप में मनाया जाएगा। गणेश उत्सव पर विभागीय और राज्यस्तर पर रिल्स प्रतियोगिता आयोजित होगी। राज्य महोत्सव के दौरान शहरों के प्रमुख स्थलों का आकर्षक विद्युत रोषनाई की जाएगी। सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को गणेश उत्सव को राज्य महोत्सव के रूप में मनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
Created On :   16 Aug 2025 10:22 PM IST