Mumbai News: दहेज बंदी - सौंदाला गांव में दहेज मांगने या महिलाओं से होने वाली घरेलू हिंसा रोकने की मुहिम

दहेज बंदी - सौंदाला गांव में दहेज मांगने या महिलाओं से होने वाली घरेलू हिंसा रोकने की मुहिम
  • ग्राम सभा ने पास किया प्रस्ताव, 11 सदस्यीय समिति का होगा गठन
  • दहेज लेने या देने की जानकारी देनेवाले को 5 हजार का इनाम

Mumbai / Ahiliyanagar News. अपनी ग्रामसभा को दहेज मुक्त, महिलाओं को घरेलू हिंसा से मुक्त रखने के लिए अहिल्यानगर के नेवासा तहसील के सौंदाला ग्राम पंचायत ने बुधवार को प्रस्ताव पास किया है। इसके तहत गांव में यदि कोई दहेज मांगता है या दहेज देता है तो इसकी सूचना देनेवाले को 5 हजार का इनाम दिया जाएगा। इसके अलावा गांव में पत्नी या वधुओं से मारपीट, गाली-गलौच (घरेलू हिंसा) हो रहा हो तो इसकी जानकारी देनेवाले को ग्राम पंचायत की तरफ से 21 सौ रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। आरोपों की जांच के लिए समिति गठित की जाएगी। जिसमें दस महिलाएं होंगी।

सौंदाला ग्राम पंचायत ने इसके पहले पति की मौत के बाद महिलाओं से होनेवाले भेदभाव के खिलाफ प्रस्ताव पास किया था। जबकि पुणे में वैष्णवी हगवणे के ताजा घटनाक्रम के बाद ग्राम पंचायत ने दहेज बंदी का निर्णय लिया है। इसके लिए श्रद्धा सचिन आरगडे ने ग्राम सभा की बैठक में सुझाव दिया था। इसके बाद सरपंच शरदराव आरगडे ने लोगों से चर्चा की और तत्काल दहेज बंदी, महिलाओं से होनेवाली मारपीट-गाली-गलौच रोकने के संदर्भ में एक प्रस्ताव परित किया।

ग्राम पंचायत का समिति गठन

शरद आरगडे ने बताया कि दहेज बंदी और महिलाओं पर घरेलू हिंसा रोकने और आरोपों की जांच के लिए 11 लोगों की एक समिति गठित की जाएगी। जिसमें सरपंच के अलावा दस महिला सदस्य होंगी। जो दहेज की मांग या महिला अत्याचार की शिकायत और इन घटनाओं की जानकारी देनेवाले को पुरस्कृत करने के पहले आरोपों की जांच करेंगी। इसका उद्देश्य गांव में महिलाओं के खिलाफ होनेवाले अपराध, अत्याचार पर लगाम लगाना है।

महिला सम्मान का माहौल बनाने पुरस्कार

- दहेज मांगने या देने वाले की जानकारी देनेवाले को 5 हजार रुपए का इनाम

- पत्नी या वधुओं से मारपीट, गाली-गलौच, तंज कसने की घटनाओं की जानकारी देनेवाले को 21 सौ रुपए का इनाम

इन गतिविधियों पर प्रतिबंध

- दहेज मांगना या देना

- महिला या वधु को प्रताड़ित करना

- बच्चे न होने पर परिवार या गांव के लोगों द्वारा तंज कसना

- शराबी पति द्वारा पत्नी से मारपीट

- महिलाओं को अपशब्द कहना

गांव की वधुओं को उपहार

बुधवार को हुई ग्राम सभा की बैठक में सरपंच शरदराव आरगडे की प्रस्ताव की सभी ने प्रशंसा की। गांव की महिलाओं ने इसे वधुओं के लिए अनुपम उपहार बताया है। इस बैठक में ग्राम विकास अधिकारी प्रतिभा पिसोटे, गणेश आरगडे, राजेंद्र चामुटे, बंडू आरगडे समेत बड़ी संख्या में सदस्य और ग्राम जन उपस्थित थे।

Created On :   11 Jun 2025 8:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story