Mumbai News: धनंजय मुंडे, माणिकराव कोकाटे के बाद अब रूपाली चाकणकर की कुर्सी छीनी

धनंजय मुंडे, माणिकराव कोकाटे के बाद अब रूपाली चाकणकर की कुर्सी छीनी
16 महीने में राकांपा (अजित) का तीसरा विकेट गिरा

Mumbai News नाशिक के कथित ज्योतिषी व दुष्कर्म के आरोपी अशोक खरात के संबंधों के कारण राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर को कुर्सी गंवानी पड़ी है। बीते दिनों राकांपा (अजित) की नेता चाकणकर ने राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। शनिवार को उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने चाकणकर का इस्तीफा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास अगली कार्रवाई के लिए भेजा दिया है। सोशल मीडिया के माध्यम से सुनेत्रा ने कहा कि वर्तमान परिस्थिति और शुरू जांच के मद्देनजर चाकणकर ने इस्तीफा दे दिया।

निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो सकने के लिए मैंने उनका इस्तीफा मुख्यमंत्री को भेज दिया है। बजट अधिवेशन में सोमवार को विपक्ष दोनों सदनों में इस मामले को लेकर सरकार को घेरेगा। इस बीच प्रदेश की सत्तारूढ़ महायुति सरकार में रूपाली राकांपा (अजित) की तीसरी नेता हैं, जिन्हें विवादों में घिरने के बाद पद से त्यागपत्र देना पड़ा था। चाकणकर को राज्य मंत्री पद का दर्जा हासिल था। यानी महायुति सरकार के लगभग 16 महीने के कार्यकाल में राकांपा (अजित) का तीसरा विकेट गिरा है। इससे पहले राकांपा (अजित) के नेता तथा प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रहे माणिकराव कोकाटे और धनंजय मुंडे की कुर्सी भी छीनी जा चुकी है। नाशिक के कथित ज्योतिषी खरात से संबंधों को लेकर चाकणकर बुरी तरह घिर गई थीं।

खरात की गिरफ्तारी के बाद चाकणकर का फोटो वायरल हो रहा था। हालांकि चाकणकर ने सफाई दी थी कि उनके खरात के साथ पुराने फोटो सोशल मीडिया पर है। लेकिन सरकार की लगातार हो रही बदनामी और विपक्ष के आक्रामक तेवर के बार चाकणकर को इस्तीफा देने का फैसला किया है। चाकणकर इससे पहले भी विवादों में घिरी थी। उस समय तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने चाकणकर को बचा लिया था। लेकिन अजित के निधन के बाद चाकणकर का विरोध राकांपा (अजित) के भीतर में शुरू हो गया था। इसके साथ ही मुख्यमंत्री की ओर से चाकणकर को सीधे तलब किए जाने के बाद उनके पास कोई विकल्प भी नहीं बचा था। चाकणकर को प्रदेश में 15 अक्टूबर 2024 को राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया था।

कोकाटे और मुंडे दे चुके थे इस्तीफा इससे पहले बीते 18 दिसंबर 2025 को राकांपा (अजित) के नेता तथा प्रदेश के कैबिनेट मंत्री माणिकराव कोकाटे ने इस्तीफा दिया था। आवास घोटाले में नाशिक अदालत से फैसला सुनाए जाने के बाद कोकाटे की कुर्सी चली गई थी। बाम्बे हाईकोर्ट के फैसले से पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कोकाटे के दोनों विभाग भी छीन लिए थे। लेकिन हाईकोर्ट के फैसले के बाद कोकाटे को त्यागपत्र देना पड़ा था। इसके पहले 4 मार्च 2025 को राकांपा (अजित) के नेता और तत्कालीन कैबिनेट मंत्री धनंजय मुंडे ने बीड़ के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या मामले घिरने के बाद इस्तीफा दिया था।

उद्धव सरकार में भी गई थी राकांपा मंत्री की कुर्सीसाल 2019 में प्रदेश के उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महाविकास आघाड़ी सरकार का गठन हुआ था। उद्धव सरकार में भी राकांपा राकांपा (अविभाजित) के दो कैबिनेट मंत्री और शिवसेना (अविभाजित) के एक कैबिनेट मंत्री को घोटालों और विवादों में फंसने के बाद इस्तीफा देना पड़ा था। ठाकरे सरकार में प्रदेश के तत्कालीन गृहमंत्री रहे अनिल देशमुख पर कथित रूप से 100 करोड़ रुपए का वसूली का आरोप लगा था। देशमुख ने 5 अप्रैल 2021 को नैतिकता के आधार पर गृह मंत्री पद से त्यागपत्र दिया था। जबकि आंतकी दाऊद इब्राहिम के साथ कथित जमीन सौदे का आरोपों के कारण तत्कालीन कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक को जेल जाना पड़ा था। लेकिन उद्धव ने मलिक का इस्तीफा नहीं लिया था। मलिक जेल में बंद होने के बावजूद बगैर किसी विभाग के मंत्री पद पर थे। वहीं शिवसेना (अविभाजित) के नेता तथा तत्कालीन कैबिनेट मंत्री संजय राठोड को पूजा चव्हाण आत्महत्या मामले में घिरने के बाद इस्तीफा देना पड़ा था। इस तरह ढाई साल की ठाकरे सरकार में दो मंत्रियों को इस्तीफा देना पड़ा था।

बड़ी मछलियों के खिलाफ कार्रवाई हो- वडेट्टीवारविधानसभा में कांग्रेस के विधानमंडल दल नेता विजय वडेट्टीवार ने नागपुर में कहा कि खरात के मामले में केवल राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष रूपाली चाकणकर का इस्तीफा काफी नहीं है। इस मामले से संबंधित ‘बड़ी मछलियों’ (बड़े लोगों) के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। वडेट्टीवार ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले में बड़े लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खरात से संबंधित सभी लोगों, मंत्रियों और उनके करीबियों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) जांच की जानी चाहिए।


Created On :   21 March 2026 7:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story