Mumbai News: कांग्रेस के पूर्व विधायक कैलास गोरंट्याल समर्थकों सहित भाजपा में शामिल

कांग्रेस के पूर्व विधायक कैलास गोरंट्याल समर्थकों सहित भाजपा में शामिल
  • विकसित भारत और विकसित महाराष्ट्र के लिए भाजपा में हुआ शामिल- कैलास
  • पूर्व विधायक कैलास गोरंट्याल समर्थकों सहित भाजपा में शामिल

Mumbai News. महाराष्ट्र में नेताओं द्वारा कांग्रेस छोड़ने का सिलसिला लगातार जारी है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जालना के पूर्व विधायक कैलास गोरंट्याल गुरुवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने गोरंट्याल और उनके समर्थकों को पार्टी की सदस्यता देकर प्रवेश कराया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे, मंत्री अतुल सावे, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण समेत अन्य नेता उपस्थित रहे। भाजपा में शामिल होने के बाद कैलास ने कहा कि उन्होंने काफी विचार विमर्श के बाद विकसित भारत और विकसित महाराष्ट्र के लिए भाजपा में प्रवेश किया है।

इस मौके पर रविंद्र चव्हाण ने कहा कि कांग्रेस को लगातार लोग इसलिए छोड़ रहे हैं क्योंकि पार्टी का नेतृत्व कमजोर पड़ गया है। उन्होंने कहा कि गोरंट्याल जैसे ज़मीनी नेता का भाजपा में आना पार्टी के लिए सौभाग्य की बात है और इससे जालना जिले में भाजपा की स्थिति और मजबूत होगी। वहीं इस मौके पर गोरंट्याल ने कहा कि उन्होंने बिना किसी अपेक्षा के भाजपा में प्रवेश किया है और यह निर्णय उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में विश्वास रखते हुए लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जालना की महापालिका में भाजपा का महापौर बनेगा और पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। कैलास के साथ पूर्व नगराध्यक्ष संगीता गोरंट्याल, अक्षय गोरंट्याल और पूर्व नगरसेवक महावीर ढक्का भी सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए।

Created On :   31 July 2025 10:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story