- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- शाहपुर स्कूल में छात्राओं के कपड़े...
Mumbai News: शाहपुर स्कूल में छात्राओं के कपड़े उतरवाने की घटना में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश- गिरीश महाजन

- विधानसभा में नाना पटोले और जितेंद्र आव्हाड ने उठाया मुद्दा
- शाहपुर स्कूल में छात्राओं के कपड़े उतरवाने की घटना में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
Mumbai News. महाराष्ट्र के ठाणे जिले के शाहपुर में स्थित एक निजी स्कूल में छात्राओं को मासिक धर्म की जांच के नाम पर कपड़े उतरवाने के मामले ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए दोषी स्कूल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार में मंत्री गिरीश महाजन ने गुरुवार को विधानसभा में यह जानकारी दी। महाजन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस अमानवीय घटना की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। यह मुद्दा कांग्रेस सदस्य नाना पटोले और राकांपा (शरद) सदस्य जितेंद्र आव्हाड ने सदन में उठाया। पटोले ने कहा कि ऐसा शर्मनाक कृत्य महाराष्ट्र जैसे प्रगतिशील राज्य में हो रहा है।
क्या है मामला?
यह शर्मनाक घटना शाहपुर स्थित आर.एस. दमानी स्कूल में घटी। खबर है कि स्कूल के शौचालय में खून के धब्बे पाए जाने के बाद कक्षा 5वीं से 10वीं तक की छात्राओं को संदेह के आधार पर एक-एक कर बुलाया गया और उन्हें कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया गया ताकि यह देखा जा सके कि वे माहवारी में हैं या नहीं। इस जांच में एक महिला कर्मचारी को लगाया गया था। हालांकि जैसे ही इस मामले की जानकारी जैसे ही छात्राओं के परिजनों को हुई तो इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए स्कूल की प्रिंसिपल, चार शिक्षकों, एक महिला कर्मचारी और दो ट्रस्टियों सहित आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट, भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
विधानसभा में कांग्रेस के नाना पटोले ने मामला उठाते हुए कहा कि अगर आज भी प्रगतिशील राज्य महाराष्ट्र में इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं तो यह गंभीर मामला है। जितेंद्र आव्हाड ने कहा इस मामले में स्कूल की प्रिंसिपल को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा यह घटना न केवल छात्राओं की निजता का उल्लंघन है, बल्कि हमारे शिक्षा तंत्र पर भी सवाल खड़े करती है। दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई होगी। राज्य सरकार इस मामले में शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाएगी।
Created On :   10 July 2025 9:12 PM IST