Mumbai News: महाराष्ट्र में एक लाख मुफ्त मोतियाबिंद सर्जरी करवाएगी भाजपा

महाराष्ट्र में एक लाख मुफ्त मोतियाबिंद सर्जरी करवाएगी भाजपा
  • मोदी के जन्मदिन पर भाजपा का ‘सेवा पखवाड़ा'
  • रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, नेत्र जांच शिविर भी होंगे

Mumbai News प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75 वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश भाजपा की तरफ से 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा' मनाया जाएगा। मंगलवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने यह जानकारी दी। दादर स्थित मुंबई भाजपा कार्यालय वसंत स्मृति में पत्रकारों से बातचीत में चव्हाण ने बताया कि राज्य भर में एक लाख मुफ्त मोतियाबिंद की सर्जरी की जाएगी। दस लाख से अधिक चश्मों का वितरण किया जाएगा।

साथ ही रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, नेत्र जांच, मोदी विकास मैराथन और खेल प्रतियोगिताओं समेत अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चव्हाण ने भाजपा के सभी सांसदों, विधायकों, मंत्रियों, नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बूथ और मंडल स्तर पर सेवा पखवाड़े को सफल बनाने के लिए आह्वान किया। राज्य में 50 लाख से अधिक लोगों तक विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है। भाजपा युवा मोर्चा की ओर से प्रमुख जिलों में मोदी विकास मैराथन आयोजित किया जाएगा। राज्य के 48 लोकसभा क्षेत्रों में ‘सांसद चषक' प्रतियोगिता आयोजित होगी।

पुणे में बावनकुले होंगे शामिल : प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर पुणे में 17 सितंबर को दोपहर 3 बजे राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की मौजूदगी में राजस्व पखवाड़ा आयोजित होगा। इसके तहत मोदी सरकार की विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



Created On :   16 Sept 2025 6:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story