- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- विदेशी निवेश के मामले में...
Mumbai News: विदेशी निवेश के मामले में महाराष्ट्र फिर नंबर एक, देश के कुल एफडीआई का 40 फीसदी हुआ

- देश के कुल एफडीआई का 40 फीसदी महाराष्ट्र में हुआ
- विदेशी निवेश के मामले में महाराष्ट्र फिर नंबर एक
Mumbai News. राज्य ने प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) आकर्षित करने के मामले में एक बार फिर से देश में पहला स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वित्तीय वर्ष 2024-25 की आखिरी तिमाही के आंकड़े जारी करते हुए कहा कि इस पूरे वित्तीय वर्ष में महाराष्ट्र में कुल 1 लाख 64 हजार 875 करोड़ रुपए का निवेश हुआ है। जो कि देश के कुल एफडीआई का 40 प्रतिशत और पिछले वर्ष की तुलना में 32 प्रतिशत अधिक है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मुझे यह बताते हुए अत्यंत खुशी हो रही है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 की अंतिम तिमाही (जनवरी से मार्च 2025) के आंकड़े भी अब घोषित हो चुके हैं। इस पूरे वित्तीय वर्ष में मिलाकर महाराष्ट्र ने कुल 1 लाख 64 हजार 875 करोड़ रुपए का विदेशी निवेश आकर्षित किया है। यह देश में इस वर्ष हुए कुल निवेश 4 लाख 21 हजार 929 करोड़ रुपए का 40 प्रतिशत है। फडणवीस ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष महाराष्ट्र में 32 प्रतिशत अधिक निवेश आया है। इस वर्ष की अंतिम तिमाही में महाराष्ट्र को 25 हजार 441 करोड़ रुपए का विदेशी निवेश प्राप्त हुआ है। महाराष्ट्र के लिए यह वर्ष पिछले 10 वर्षों में सबसे बेहतरीन निवेश वर्ष साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि वैसे तो हमने यह रिकॉर्ड पहले 9 महीनों में तोड़ दिया था। मेरे सहयोगी दोनों उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, अजित पवार और पूरे मंत्रीमंडल के नेतृत्व में महाराष्ट्र की यह प्रगति इसी तरह निरंतर जारी रहेगी।
पिछले वर्षों में कितना विदेशी निवेश हुआ
वित्तीय वर्ष विदेशी निवेश
2015-16 : 61,482 करोड़
2016-17 : 1,31,980 करोड़
2017-18 : 86,244 करोड़
2018-19 : 57,139 करोड़
अप्रैल-अक्टूबर 2019 : 25,316 करोड़
2020-21 : 1,19,734 करोड़
2021-22 : 1,14,964 करोड़
2022-23 : 1,18,422 करोड़
2023-24 : 1,25,101 करोड़
2024-25 : 1,64,875 करोड़
Created On :   29 May 2025 9:53 PM IST