- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मुंबई मनपा समेत सभी निकायों में...
Mumbai News: मुंबई मनपा समेत सभी निकायों में शुरू होगा वार्ड का गठन, सरकार ने जारी किए आदेश

- राज्य सरकार ने जारी किए आदेश
- बाकी मनपा में रहेगा चार सदस्यीय वार्ड
Mumbai News. मुंबई मनपा समेत सभी 29 महानगर पालिकाओं, नगर परिषदों और नगर पंचायतों में अब वार्ड गठन (प्रभाग रचना) की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। राज्य सरकार ने स्थानीय निकाय चुनावों के लिए वार्ड गठन (प्रभाग रचना) के आदेश जारी कर दिए हैं। मुंबई मनपा में 227 वार्ड हैं। मुंबई मनपा के प्रत्येक वार्ड में एक सदस्यीय चुनाव का प्रावधान है। मंगलवार को राज्य के नगर विकास विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसके मुताबिक मुंबई मनपा के चुनाव के लिए वार्ड गठन का प्रारूप तैयार करने की जिम्मेदारी मुंबई मनपा आयुक्त भूषण गगरानी को दी गई है। इसके बाद संबंधित प्रारूप को प्रकाशित करने, प्रारूप पर आपत्तियां और सुझाव मंगाया जाएगा। फिर अंतिम वार्ड गठन के प्रस्ताव पर राज्य चुनाव आयोग से मंजूरी लेनी होगी। गूगल मैप पर मुंबई मनपा के वार्ड गठन का नक्शा तैयार करना अनिवार्य होगा। इससे पहले बीते 6 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट ने राज्य चुनाव आयोग को अगले चार महीने में स्थानीय निकायों के चुनाव कराने के निर्देश दिए थे। इसके मद्देनजर सरकार ने अब वार्ड गठन के लिए आदेश जारी कर दिए हैं।
बाकी मनपा में रहेगा चार सदस्यीय वार्ड
मुंबई को छोड़कर राज्य में अ, ब, क और ड वर्ग की मनपा के लिए चार सदस्यीय वार्ड होगा। इससे नवी मुंबई, ठाणे, पुणे, नागपुर समेत कुल 9 मनपा में वार्ड के गठन का जिम्मा संबंधित मनपा आयुक्त को दिया गया है। जबकि मीरा-भायंदर, उल्हासनगर, पनवेल समेत 19 मनपा के संबंधित आयुक्त को वार्ड का गठन करना होगा। इन 19 मनपा के लिए वार्ड गठन से जुड़ी प्रक्रिया के लिए जिलाधिकारियों को भी अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है।
नगर पालिका और नगर पंचायत
राज्य की नगर परिषदों और नगर पंचायतों के वार्ड गठन की जिम्मेदारी मुख्याधिकारी को सौंपी गई है। इसके अलावा जिलाधिकारी को भी कई जिम्मेदारी दी गई है। नगर परिषदों और नगर पंचायतों के वार्डों की रचना सरकार के 25 जनवरी 2022 के अधिनियम के अनुसार होगी।
किस वर्ग में कौन से मनपा
अ वर्ग मनपा - पुणे, नागपुर
ब वर्ग मनपा - ठाणे, नाशिक, पिंपरी-चिंचवड
क वर्ग मनपा- नवी मुंबई, वसई-विरार, छत्रपति संभाजीनगर, कल्याण-डोंबिवली मनपा
ड वर्ग मनपा - मीरा-भायंदर, पनवेल, उल्हासनगर, भिवंडी-निजामपुर, अकोला, अमरावती समेत अन्य
Created On : 11 Jun 2025 11:14 AM