- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मुंबई मनपा चुनाव के लिए मनसे से...
Mumbai News: मुंबई मनपा चुनाव के लिए मनसे से गठबंधन को लेकर कांग्रेस में दो फाड़!
Mumbai News बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बावजूद आगामी मुंबई मनपा चुनाव में मनसे से गठबंधन को लेकर कांग्रेस में दो फाड़ नजर आ रहा है। शनिवार को कांग्रेस के विधानमंडल दल नेता विजय वड्डेटीवार ने कहा कि हम मनसे से गठबंधन को लेकर सकारात्मक है। जबकि मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष तथा सांसद वर्षा गायकवाड ने कहा कि हम जाति,धर्म और प्रांत के नाम पर द्वेष फैलाने वाले दल मनसे के साथ गठबंधन नहीं कर सकते हैं। मुंबई में वर्षा ने कहा कि मारपीट और तोड़फोड़ करने वालों के साथ कांग्रेस कभी नहीं जा सकती है। इससे मनसे से गठबंधन करने को लेकर वड्डेटीवार और वर्षा के सुर मिलते नजर नहीं आ रहे हैं। वहीं नागपुर में पत्रकारों से बातचीत में वड्डेटीवार ने कहा कि हमारे दल की विचारधारा मनसे के साथ मेल नहीं खाती है। लेकिन राकांपा (शरद) के अध्यक्ष शरद पवार चाहते हैं कि भाजपा को हराने के लिए विपक्ष के सभी दल एक साथ आकर चुनाव लड़े। इसलिए कांग्रेस भी पवार की भूमिका को लेकर सकारात्मक है। इसलिए कांग्रेस के भीतर मुंबई में मनसे से गठबंधन को लेकर चर्चा शुरू है। वड्डेटीवार ने कहा कि राज्य के निकाय चुनावों में कुछ इलाकों में कांग्रेस और मनसे के बीच स्थानीय स्तर पर गठबंधन भी हुआ है।
कांग्रेस अमीबा की तरह - देशपांडे : मनसे के नेता संदीप देशपांडे ने कहा कि कांग्रेस अमीबा की तरह है। कांग्रेस के नेता एक ही समय में कई नांव पर सवार होना चाहते हैं। मुंबई मनपा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता विजय वड्डेटीवार, वर्षा गायकवाड, भाई जगताप, असलम शेख जैसे नेताओं की राय अलग-अलग है। इसलिए यह समझ में नहीं आता है कि कांग्रेस में फैसला लेने की क्षमता किसके पास है? देशपांडे ने कहा कि मनसे महाविकास आघाड़ी का हिस्सा नहीं है। मनसे ने गठबंधन के लिए किसी दल को प्रस्ताव नहीं दिया है और न ही मनसे के पास किसी पार्टी ने प्रस्ताव भेजा है। इसलिए महाविकास आघाड़ी के तीन दलों के वरिष्ठ नेताओं के बीच आपस में क्या बातचीत होती है? इससे मनसे को कोई लेना देना नहीं है।
मुंबई कांग्रेस पार्टी आलाकमान दिल्ली से आदेश मिले बैगर मनसे को महाविकास आघाड़ी में शामिल नहीं करेगी। यह कांग्रेस का व्यक्तिगत फैसला हो सकता है। लेकिन शिवसेना (उद्धव) और मनसे से पहले ही एक साथ आ चुके हैं। इसके लिए दोनों दलों को किसी के आदेश और अनुमति की जरूरत नहीं है। राकांपा (शरद) और वाम दल भी एकसाथ हैं। - संजय राऊत - सांसद शिवसेना (उद्धव)
महाविकास आघाड़ी के साथ चुनाव लड़ना चाहती है राकांपा (शरद) - आव्हाड : राकांपा (शरद) के राष्ट्रीय प्रवक्ता जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि राकांपा (शरद) के अध्यक्ष शरद पवार चाहते हैं कि भाजपा को हराने के लिए आगामी मुंबई मनपा चुनाव में विपक्ष के सभी दल एकजुट रहे। इसी लिहाज से महाविकास आघाड़ी के सभी घटक दलों को एकजुट रखने का प्रयास किया जाएगा। शनिवार को राकांपा (शरद) के अध्यक्ष शरद पवार ने मुंबई मनपा चुनाव की तैयारी को लेकर बैठक हुई। यशवंतराव चव्हाण सेंटर में आयोजित बैठक में राकांपा (शरद) की सांसद सुप्रिया सुले, मुंबई शहर की अध्यक्ष राखी जाधव समेत अन्य नेता मौजूद थे।
पत्रकारों से बातचीत आव्हाड ने कहा कि मुंबई राकांपा (शरद) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पवार से शिवसेना (उद्धव) और कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा), राष्ट्रीय समाज पक्ष सहित विपक्षी दलों को साथ में लेकर चुनाव लड़ने का आग्रह किया है। क्योंकि मुंबई की परिस्थिति राज्य के दूसरे निकायों से अलग है। अब कांग्रेस और पवार के बीच चर्चा के बाद अगला कदम उठाया जाएगा। एक सवाल के जवाब में आव्हाड ने कहा कि मनसे की ओर से गठबंधन को लेकर कोई प्रस्ताव नहीं आया है। इसलिए मनसे के बारे में फिलहाल चर्चा करने का कोई मतलब नहीं है।
सुविधा के अनुसार कांग्रेस बदल रही भूमिका : बिहार विधानसभा चुनाव में वोट नहीं मिलने के डर से कांग्रेस ने अभी तक मनसे से दूरी बनाए रखा था। लेकिन चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस नेता विजय वड्डेटीवार मनसे को लेकर सकारात्मक हो गए हैं। कांग्रेस अपनी सुविधा के अनुसार भूमिका बदल रही है। -चंद्रशेखर बावनकुले- प्रदेश के राजस्व मंत्री
Created On :   22 Nov 2025 7:32 PM IST















