- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मुंबई से सोलापुर विमान सेवा गणेश...
Mumbai News,: मुंबई से सोलापुर विमान सेवा गणेश उत्सव से पहले होगी शुरू- जयकुमार गोरे

- सरकार प्रति यात्री 3 हजार 240 रुपए की देगी आर्थिक सब्सिडी
- मुंबई - सोलापुर विमान सेवा गणेश उत्सव से पहले होगी शुरू
Mumbai News. मुंबई से सोलापुर जाने वाले लोगों के लिए बहुत जल्द खुशखबरी मिलने जा रही है। खबर है कि मुंबई और सोलापुर के बीच सीधी विमान सेवा जल्द शुरू होने जा रही है। महाराष्ट्र के ग्रामीण विकास मंत्री एवं सोलापुर के पालकमंत्री जयकुमार गोरे ने रविवार को कहा कि यह सेवा गणेश उत्सव से पहले शुरू होने वाली है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। गोरे ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल की उपस्थिति में इस सेवा का उद्घाटन होगा। इससे पहले सोलापुर-गोवा मार्ग पर उड़ान सेवा 9 जून से शुरू हो चुकी है। मंत्री गोरे ने यह भी बताया कि यह पहल केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से साकार हो रही है। पिछले काफी समय से मुंबई से सोलापुर के लिए उड़ान शुरू करने की योजना पर काम चल रहा था। उन्होंने कहा कि मुंबई-सोलापुर विमान सेवा को सभी वर्ग के लोगों की पहुंच में लाने के लिए सरकार ने प्रति यात्री 3 हजार 240 रुपए की आर्थिक सब्सिडी देने का निर्णय लिया है। इससे आम लोगों के लिए हवाई यात्रा सुलभ और किफायती होगी। यह सहायता एक वर्ष तक जारी रहेगी, जिसके बाद यह योजना केंद्र की 'उड़ान योजना' के अंतर्गत आ जाएगी। शुरुआत में सुबह और शाम की उड़ानें होंगी। उसके बाद यात्रियों की संख्या के आधार पर फैसला होगा।
Created On :   17 Aug 2025 7:58 PM IST