Mumbai News: गणेश उत्सव में पहली बार आमने-सामने दिखेंगे नीलेश और नितेश राणे

गणेश उत्सव में पहली बार आमने-सामने दिखेंगे नीलेश और नितेश राणे
  • दोनों राणे बंधू अलग अलग ट्रेनों से लोगों को कोंकण पहुंचाएंगे
  • पहली बार आमने-सामने दिखेंगे नीलेश और नितेश राणे

Mumbai News. गणेश उत्सव के दौरान मुंबई से कोकण जाने वाले भक्तों के लिए राणे परिवार पिछले काफी समय से ट्रेन और बसों के जरिए सुविधा मुहैया कराता आ रहा है। लेकिन इस बार गणेश उत्सव में भक्तों को कोकण भेजने के मौके पर राणे बंधू नीलेश राणे और नितेश राणे आमने-सामने दिखाई देने जा रहे हैं। खबर है कि शिवसेना (शिंदे) विधायक नीलेश राणे ने अपनी विधानसभा क्षेत्र कुडाल के लोगों को मुंबई से ले जाने के लिए एक ट्रेन की बुकिंग की है। जबकि खबर यह भी है कि अगले एक-दो दिनों में भाजपा विधायक एवं मंत्री नितेश राणे भी अपनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए ट्रेन बुक करने जा रहे हैं।

क्या है मामला?

पिछले काफी समय से राणे परिवार एकजुट होकर मुंबई से कोंकण गणेश उत्सव के दौरान लोगों को पहुंचाने का काम करता आ रहा है। जब नारायण राणे कांग्रेस में हुआ करते थे तो वह ट्रेन और बसों के जरिए लोगों को कोकण पहुंचाने का काम करते थे। लेकिन जब से नीलेश राणे शिवसेना (शिंदे) में शामिल हुए हैं, ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि नीलेश ने अकेले अपनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों को ट्रेन और बसों के जरिए पहुंचाने का इंतजाम किया है। जबकि उनके छोटे भाई नितेश राणे कणकवली से विधायक हैं और वह अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों को अलग ट्रेन के जरिए कोकण पहुंचाएंगे। जब राणे बंधू एक ही पार्टी में थे तो दोनों भाई एक साथ लोगों को कोंकण पहुंचाने का काम करते थे। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होने जा रहा है। खबर है कि दोनों भाइयों में अनबन के चलते ऐसा नहीं हो रहा है।

राणे बंधुओं में थी तकरार की खबर

कुछ दिनों पहले नितेश और नीलेश में तकरार की खबरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई थीं। नितेश राणे ने धाराशिव में भाजपा के कार्यकर्ताओं की बैठक में शिंदे गुट के नेताओं को आड़े हाथों लिया था। नितेश ने बैठक में कहा था कि भाजपा के मुख्यमंत्री सबके पिता बनकर बैठे हैं, यह सभी को याद रखना चाहिए। जिस पर नीलेश ने सोशल मीडिया पर नितेश को संभलकर बोलने की हिदायत दी थी। निलेश ने यह भी कहा था कि उन्हें यह याद रखना चाहिए कि हम महायुति में हैं। नीलेश की इस सलाह का नितेश ने जवाब भी दिया था और उन्हें टैक्स फ्री बताया था।

Created On :   31 July 2025 10:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story