Mumbai News: राज्य के दस आईएएस अफसर हुए इधर से उधर, महज आठ महीने में मुंढे का तबादला

राज्य के दस आईएएस अफसर हुए इधर से उधर,  महज आठ महीने में  मुंढे का तबादला
तुकाराम का 21 साल में 24 वां ट्रांसफर

Mumbai News प्रदेश सरकार ने मंगलवार को दस आईएएस अफसरों का तबादला किया है। सरकार ने राज्य के दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के सचिव तुकाराम मुंढे का महज आठ महीने में फिर से तबादला कर दिया है। इस तरह मुंढे का 21 सालों में 24 बार तबादला हो चुका है। मुंढे को राज्य के आपदा प्रबंधन, मदद व पुनर्वसन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। इससे पहले अगस्त 2025 में मुंढे को दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग में सचिव पद पर नियुक्त किया गया था। पिछले आठ महीने में मुंढे ने फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र वाले सरकारी अफसरों के निलंबन, दिव्यांग पंजीकृत संस्थानों की मनमानी पर रोक लगाने, दिव्यांगता प्रमाणपत्रों की पुर्नजांच, सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करते समय यूडीआईडी नंबर अनिवार्य करने समेत कई अहम फैसले लिए थे।

मुंढे ने अपने फैसलों से दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग में कथित भ्रष्टाचार पर नकेल कसने को कोशिश की थी। मगर, अब राज्य के दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के नए सचिव माणिक गुरसल होंगे। राज्य के आपदा प्रबंधन, मदद व पुनर्वसन विभाग की मौजूदा प्रधान सचिव विनिता वैद सिंगल को मृदा व जलसंरक्षण विभाग में भेजा गया है। विनिता के पास रोजगार गारंटी योजना विभाग के सचिव पद अतिरक्त कार्यभार रहेगा। मृदा व जलसंरक्षण विभाग के वर्तमान सचिव गणेश पाटील सेवानिवृत्त हो गए हैं।

लोकेश चंद्रा मुख्यमंत्री के नए अतिरिक्त मुख्य सचिव : महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी (महावितरण) के अध्यक्ष तथा प्रबंध निदेशक लोकेश चंद्रा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नए अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री की वर्तमान अतिरिक्त मुख्य सचिव अश्विनी भिड़े को मुंबई मनपा (बीएमसी) आयुक्त के पद पर भेजा गया है। भिड़े के पास मुंबई मेट्रो रेल महामंडल के प्रबंध निदेशक पद का अतिरिक्त पदभार बरकरार रहेगा। वसई-विरार मनपा के नए आयुक्त पृथ्वीराज बी पी बनाए गए हैं। मुंबई मनपा के वर्तमान आयुक्त भूषण गगरानी और वसई-विरार मनपा के मौजूदा आयुक्त एम एम सूर्यवंशी सेवानिवृत्त हो गए हैं। राज्य के कृषि विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विकास चंद्रा रस्तोगी वित्त विभाग (वित्तीय सुधार) में भेजा गया है।

नानाजी देशमुख कृषि संजीवनी परियोजना के परियोजना निदेशक परिमल सिंह को कृषि विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव पद पर नियुक्त किया गया है। राज्य वस्तु व सेवाकर सह आयुक्त प्रेरणा देशभ्रतार को राज्य का मत्स्यव्यसाय आयुक्त नियुक्त किया गया है। मुंबई में शिवशाही पुनर्वसन परियोजना के प्रबंध निदेशक पद पर लहू माली को तैनात किया गया है। शिवशाही पुनर्वसन परियोजना के वर्तमान प्रबंध निदेशक कुणाल कुमार सेवानिवृत्त हो गए हैं।

श्वेता के तबादले पर रोक : इस बीच सरकार ने आईएएस अफसर श्वेता सिंघल के तबादले पर रोक लगा दी है। बीते 27 मार्च को सरकार ने श्वेता को अमरावती विभागीय आयुक्त पद से हटाकर महामुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड की प्रबंध निदेशक पद पर भेजा था। लेकिन सरकार ने अब श्वेता को नए पद का कार्यभार संभालने पर रोक लगा दी है। इसलिए उन्हें सरकार के अगले आदेश की प्रतीक्षा करनी पड़ेगी।

Created On :   31 March 2026 7:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story