Mumbai News: रोहित पवार ने हमारी पार्टी में फूट डालने के लिए खर्च किए 5 करोड़ - सूरज चव्हाण

रोहित पवार ने हमारी पार्टी में फूट डालने के लिए खर्च किए 5 करोड़ - सूरज चव्हाण
एक एजेंसी को दिया गया नेताओं को बदनाम करने पैकेज

Mumbai News जब से राकांपा (अजित) के पूर्व वरिष्ठ नेता अजित पवार का विमान हादसे में निधन हुआ है तभी से अजित के भतीजे और राकांपा (शरद) विधायक रोहित पवार इस हादसे को लेकर सवाल उठा रहे हैं। अब राकांपा (अजित) प्रवक्ता सूरज चव्हाण ने रोहित पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि रोहित ने हमारी पार्टी में फूट डालने और नेताओं को बदनाम करने के लिए एक एजेंसी को 5 करोड़ रुपए का पैकेज दिया है। चव्हाण ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि कुछ लोगों को वेतन देकर राकांपा (अजित) के खिलाफ झूठे आरोप लगाने के लिए नियुक्त किया गया है।

चव्हाण ने आरोप लगाया कि शरद गुट अपने संगठन पर ध्यान देने के बजाय राकांपा (अजित) को कमजोर करने में लगा है। पार्टी के अंदर भ्रम फैलाने के लिए जानबूझकर अधूरी और गलत जानकारी मीडिया में दी जा रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी के संविधान की जानकारी देते समय जानबूझकर कुछ अहम धाराएं छिपाई गईं, जिससे जनता को गुमराह किया जा सके। रोहित पर निशाना साधते हुए चव्हाण ने कहा कि उन्हें हमारी पार्टी पर ध्यान देने के बजाय अपने विधायकों और सांसदों पर ध्यान देना चाहिए। चव्हाण ने कहा कि अगर आगे भी हमारी पार्टी और नेताओं पर आरोप लगाए गए तो जैसा को तैसा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के अंदरूनी मामलों को संभालने के लिए सुनेत्रा पवार सक्षम हैं और इसलिए बाहरी हस्तक्षेप की जरूरत नहीं है।

फ्रंटल संगठनों को लेकर उठे विवाद पर चव्हाण ने सफाई देते हुए कहा कि पार्टी की स्थापना से ही फ्रंटल के केवल पांच विभाग हैं। महिला, युवक, विद्यार्थी, सेवादल और फादर बॉडी। ओबीसी, सामाजिक न्याय और अल्पसंख्यक जैसे सेल कभी भी हमारी पार्टी के फ्रंटल का हिस्सा नहीं रहे, बल्कि वे अलग सेल के रूप में कार्यरत हैं। चव्हाण ने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर हमारी पार्टी के इन सेल के बंद होने की अफवाह फैला रहे हैं।


Created On :   31 March 2026 6:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story