Mumbai News: सहकार महर्षि पुरस्कार के लिए अब मिलेंगे तीन लाख रुपए

सहकार महर्षि पुरस्कार के लिए अब मिलेंगे तीन लाख रुपए
राज्य सरकार ने 12 साल बाद बढ़ाई पुरस्कार राशि

Mumbai News प्रदेश सरकार ने सहकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने वाले संस्थानों को प्रदान किए जाने वाले पुरस्कार राशि में 12 साल बाद बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। राज्य के सहकारिता विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है।

सहकार महर्षि पुरस्कार की राशि एक लाख रुपए के बजाय तीन लाख रुपए की गई है। सहकार भूषण पुरस्कार के लिए 51 हजार रुपए के बजाय अब 1 लाख 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। सहकार निष्ठ पुरस्कार के लिए 25 हजार के ऐवज में 51 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे। राज्य में सहकार महर्षि पुरस्कार 1, सहकार भूषण पुरस्कार 21 और सहकार निष्ठ पुरस्कार 23 ऐसे तीन श्रेणियों में कुल 45 पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। सरकार ने इन पुरस्कारों के लिए 46 लाख 23 हजार रुपए मंजूर किया है।

राज्य में सहकारिता क्षेत्र में गुणात्मक परिवर्तन के लिए सरकार की ओर से साल 2012-13 में सहकार पुरस्कार देने की शुरुआत की गई थी। संयुक्त राष्ट्र संघ ने साल 2025 को अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के रूप में घोषित किया था। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में राज्य शिखर समिति का गठन किया गया था। इस समिति ने सहकारिता पुरस्कारों की राशि बढ़ाने का फैसला लिया था। इसके बाद बीते 26 फरवरी को राज्य मंत्रिमंडल ने सहकारिता पुरस्कारों के तीनों श्रेणियों की राशि में बढ़ोतरी करने को मंजूरी दी थी।

Created On :   31 March 2026 7:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story