- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- राज ठाकरे बोले -शहरी नक्सलवाद के...
Mumbai News: राज ठाकरे बोले -शहरी नक्सलवाद के नाम पर गिरफ्तार करके दिखाए सरकार, सीएम का पलटवार - बर्ताव करोगे तो करेंगे

- शहरी नक्सलवाद के नाम पर गिरफ्तार करके दिखाए सरकार
- शहरी नक्सलवादी जैसे बर्ताव करोगे तो गिरफ्तार करेंगे
Mumbai News. मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे शहरी नक्सलवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर हमला बोला है। राज ने शहरी नक्सलवाद के नाम पर लोगों को गिरफ्तार करने के लिए सरकार को चुनौती दी है। इस पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र विशेष जन सुरक्षा विधेयक आंदोलनकारियों को गिरफ्तारी के लिए नहीं बना है। लेकिन यदि कोई शहरी नक्सलवादी जैसे बर्ताव करेगा तो उसकी गिरफ्तारी तय है। शनिवार को राज ने शेतकरी कामगार पक्ष (शेकाप) के स्थापना दिवस पर आयोजित सम्मेलन को संबोधित किया। रायगड के नया पनवेल में आयोजित सम्मेलन में शेकाप के वरिष्ठ नेता जयंत पाटील और शिवसेना (उद्धव) के सांसद संजय राऊत, राकांपा (शरद) के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे समेत कई नेता मौजूद थे। राज ने कहा कि रायगड में बाहर से उद्योगपति आकर किसानों से जमीन ले रहे हैं। सरकार परियोजनाओं का विरोध करने वालों को शहरी नक्सलवादी करार दे रही है। यदि किसी ने परियोजनाओं का विरोध किया तो उसे शहरी नक्सलवादी करार देकर उसकी गिरफ्तारी की जाएगी। लेकिन मेरी सरकार को चुनौती है कि एक बार शहरी नक्सलवाद के नाम पर लोगों को गिरफ्तार करके दिखाएं।
राज ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री स्कूली बच्चों को हिंदी पढ़ाने के लिए विचार कर रहे हैं। लेकिन महाराष्ट्र में नौकरी और रोजगार के लिए आने वालों को मराठी भाषा कैसे आएगी? इसका विचार मुख्यमंत्री के मन में कभी नहीं आएगा। जबकि नागपुर में मुख्यमंत्री ने कहा कि जन सुरक्षा विधेयक राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और परियोजनाओं के खिलाफ आंदोलन करने वालों को गिरफ्तार करने के लिए नहीं बना है। सरकार की कोई भी आलोचना कर सकता है। मगर यदि कोई शहरी नक्सलवादी जैसे बर्ताव करेगा तो उसकी गिरफ्तारी होगी। जो लोग कानून का उल्लंघन करके उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। फडणवीस ने कहा कि राज ने जन सुरक्षा विधेयक को पढ़े बिना टिप्पणी की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के स्कूलों में मराठी भाषा अनिवार्य की है। लेकिन मराठी भाषिक बच्चों को मराठी के अलावा एक अन्य भारतीय भाषा सीखने को मिलता है तो उसमें गलत क्या है? मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे भारतीय भाषा का विरोध करके अंग्रेजी भाषा का प्रोत्साहन देने वालों से एतराज है।
Created On :   2 Aug 2025 9:48 PM IST