- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- राज ठाकरे ने कहा - मराठी मुद्दा...
Mumbai News: राज ठाकरे ने कहा - मराठी मुद्दा घर-घर पहुंचाएं, मगर हिंदी से न करें द्वेष

- बोले- मुंबई मनपा में आएगी मनसे की सत्ता
- मराठी मुद्दा घर-घर पहुंचाएं
- मगर हिंदी से न करें द्वेष
Mumbai News. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे ने पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों को आगामी मुंबई मनपा चुनाव के लिए पूरी ताकत से तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को राज ने बांद्रा पश्चिम के रंगशारदा सभागार में मनसे के पदाधिकारियों को संबोधित किया। सूत्रों के अनुसार बैठक में राज ने आगामी निकाय चुनाव के मद्देनजर मनसे के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मराठी के मुद्दे को घर-घर पहुंचाने को कहा। राज ने कहा कि मराठी के मुद्दे को लोगों के बीच पहुंचाते समय हिंदी भाषा से द्वेष न करें। राज ने कहा कि मैं निकाय चुनाव में गठबंधन को लेकर उचित समय पर घोषणा करुंगा। लेकिन इतना तय है कि इस बार के चुनाव में मुंबई मनपा में मनसे की सत्ता आएगी।
...मैं और उद्धव एक साथ तो नेताओं का झगड़ा क्यों खत्म नहीं हो सकता
बैठक के दौरान राज ने मनसे के नेताओं और पदाधिकारियों के बीच चल रहे आपसी मतभेद और मनमुटाव को लेकर भी फटकार लगाई। राज ने कहा कि 20 साल बाद मैं और शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे एक मंच पर आए हैं। ऐसे में पार्टी के भीतर नेताओं का आपसी झगड़ा क्यों खत्म नहीं हो सकता है? राज ने पार्टी के पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करने के आदेश दिए। बैठक के बाद मनसे के नेता बाला नांदगावकर ने कहा कि राज ने मतदाता सूची जांचने और बूथ स्तर पर तैयारी करने के लिए कहा है।
देवेंद्र फडणवीस, मुख्यमंत्री के मुताबिक मुंबई में कौन-कौन साथ आ रहा है। इस बारे में मुझे कोई टिप्पणी नहीं करनी है। लेकिन मुंबई की जनता ने इस बार मनपा चुनाव में महायुति को जिताने का मन बना लिया है।
कैबिनेट मंत्री तथा राकांपा (अजित) के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने कहा उद्धव और राज दोनों ठाकरे भाइयों के साथ आने से निश्चित रूप से शिवसेना (उद्धव) और मनसे को मुंबई मनपा चुनाव में फायदा होगा।
राज ठाकरे के खिलाफ याचिकाकर्ता बॉम्बे हाई कोर्ट जाएं
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को एक याचिकाकर्ता से मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे पर उत्तर भारतीयों के खिलाफ अभद्र भाषा इस्तेमाल और हिंसा भड़काने का आरोप लगाने वाली उसकी याचिका बॉम्बे हाई कोर्ट में दायर करने को कहा। मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई और न्यायमूर्ति के विनोद चंद्रन की पीठ ने उत्तर भारतीय विकास सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील शुक्ला से अपनी शिकायतों को लेकर हाई कोर्ट न जाने का कारण पूछा। मुख्य न्यायाधीश ने पूछा कि क्या बॉम्बे हाई कोर्ट में छुट्टी है? जिसके बाद शुक्ला के वकील ने याचिका वापस ले ली।
Created On :   5 Aug 2025 5:55 PM IST












