Mumbai News: कणकवली में उद्धव-शिंदे गुट के बीच नजदीकियां बढ़ीं

कणकवली में उद्धव-शिंदे गुट के बीच नजदीकियां बढ़ीं
उद्धव के पूर्व विधायक वैभव नाईक की शिंदे खेमे के नेताओं के साथ बैठक

Mumbai News कोकण की राजनीति में नई हलचल मच गई है। कणकवली में शिवसेना (उद्धव) और शिवसेना (शिंदे) आगामी स्थानीय चुनावों में एक साथ चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार उद्धव गुट के पूर्व विधायक वैभव नाईक ने कणकवली के शिंदे गुट के स्थानीय नेताओं के साथ गुरूवार देर रात गोपनीय बैठक की है। स्थानीय स्तर पर इस मुलाकात को आगामी नगर पंचायत चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है। खबर है कि बैठक में दोनों दलों के नेताओं ने भाजपा को टक्कर देने के लिए एकजुट होकर चुनाव लड़ने पर चर्चा की है। बताया जा रहा है कि बैठक में दोनों दलों के नाम से एक संयुक्त मोर्चा बनाने का प्रस्ताव भी सामने आया, जिसमें दोनों शिवसेना के नेता शामिल हो सकते हैं।

उद्धव गुट के एक स्थानीय नेता ने कहा कि यह सच है कि हमारे एक बड़े नेता ने शिंदे गुट के कुछ स्थानीय नेताओं से मुलाकात की है। उस नेता ने कहा कि अगर यह गठबंधन होता है, तो सिंधुदुर्ग जिले में भाजपा के लिए बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है। दरअसल कणकवली पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा सांसद नारायण राणे का गढ़ माना जाता है। ऐसे में ठाकरे और शिंदे गुट का एक होना राजनीतिक समीकरणों को बदल सकता है।

हालांकि अभी तक दोनों ही गुटों के नेताओं की मुलाकात पर न तो उद्धव गुट और न ही शिंदे गुट के वरिष्ठ नेताओं ने इस पर कोई आधिकारिक बयान दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर दोनों गुटों में स्थानीय चुनावों में गठबंधन होता है तो आने वाले समय में दोनों दलों के एकजुट होने में मदद मिल सकती है।

Created On :   7 Nov 2025 7:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story