Mumbai News: सपकाल बोले - गोडसे ने ठंडे दिमाग से गांधी जी की हत्या की, फडणवीस भी ठंडे दिमाग से झगड़ा लगा रहे हैं

सपकाल बोले - गोडसे ने ठंडे दिमाग से गांधी जी की हत्या की, फडणवीस भी ठंडे दिमाग से झगड़ा लगा रहे हैं
  • सपकाल सिर्फ अपनी राजनीतिक रोटी सेक रहे हैं- भातखलकर
  • गोडसे ने ठंडे दिमाग से गांधी जी की हत्या की
  • फडणवीस भी ठंडे दिमाग से झगड़ा लगा रहे हैं

Mumbai News. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के हालिया बयान से महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया विवाद भड़क गया है। सपकाल ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा है कि जिस प्रकार नाथूराम गोडसे ने ठंडे दिमाग से गांधी जी की हत्या की थी, ठीक उसी तरह आज फडणवीस भी ठंडे दिमाग से काम करते हैं, और आरक्षण को लेकर दो समाजों को भिड़ाने का काम कर रहे हैं। हालांकि सपकाल ने कहा कि वह गोडसे और फडणवीस की तुलना नहीं कर रहे हैं। भाजपा ने सपकाल के बयान पर पलटवार किया है।

सपकाल ने क्या कहा?

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सपकाल ने अपने बयान में कहा कि नाथूराम गोडसे ने ठंडे दिमाग से गांधी जी की हत्या की थी। उसकी योजना ठोस थी। जैसे उसने गांधी की हत्या करने से पहले उनके पैर छुए थे और उसके बाद गोलियों से निशाना बनाया था। आज वही तरीका अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फडणवीस भी राजनीति में छुपा हथियार उठा रहे हैं। फडणवीस ठंडे दिमाग से आरक्षण को लेकर दो समाज के बीच झगड़ा लगा रहे हैं। सपकाल ने कहा कि मैं दोनों के कार्य की तुलना नहीं कर रहा हूं, लेकिन दोनों की मोडस ऑपरेंडी एक जैसी है।

भाजपा का पलटवार

भाजपा नेता और विधायक अतुल भातखलकर ने सपकाल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि हर्षवर्धन हमेशा से ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर आपत्तिजनक बयान देते आए हैं। भातखलकर ने कहा कि इससे पहले भी हर्षवर्धन ने फडणवीस की तुलना औरंगजेब से की थी। लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि राज्य की जिस जनता ने कांग्रेस के नेताओं की डिपॉजिट जब्त कर ली थी, अब उसके नेता चुनी सरकार के मुखिया पर इस तरह की बयानबाजी कर अपनी राजनीतिक रोटी सेक रहे हैं। लेकिन हम उनके बयान को ज्यादा महत्व नहीं देते हैं। भातखलकर ने कहा कि जैसे विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता ने कांग्रेस को उसकी औकात दिखाई, उसी तरह से आगामी स्थानीय चुनावों में भी उनका सूपड़ा साफ होने वाला है।

Created On :   12 Oct 2025 9:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story