- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- सूचना तकनीकी मंत्री आशीष शेलार के...
Mumbai News: सूचना तकनीकी मंत्री आशीष शेलार के जनता दरबार में हंगामा, सावंत बोले - चुनाव में जनता सबक सिखाएगी

- सचिन सावंत बोले मंत्री को जनता से मिलने का समय नहीं
- चुनाव में जनता सबक सिखाएगी
Mumbai News. महाराष्ट्र सरकार में सूचना तकनीकी एवं सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार के जनता दरबार में शनिवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई जब बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और समाधान न होने पर जोरदार हंगामा किया। दरअसल जनता दरबार का कार्यक्रम शिवसेना (शिंदे) के विधायक मुरजी पटेल के विधानसभा क्षेत्र अंधेरी पूर्व में था। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के चलते लोगों की समस्याएं नहीं सुनी गईं, जिसके बाद लोगों ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि जनता दरबार सिर्फ दिखावा है, मंत्री यहां केवल फोटो खिंचवाने आते हैं, काम कोई नहीं करता। इसी हंगामे का एक वीडियो कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते हुए सवाल उठाए हैं।
यह भी पढ़े -बीएमसी चुनाव के लिए एकनाथ शिंदे ने तैयार की रणनीति, उम्मीदवारों से लेकर सीट बंटवारे तक का प्लान तैयार
क्या हुआ जनता दरबार में?
दरअसल जनता दरबार शिंदे गुट के विधायक मुरजी पटेल के विधानसभा क्षेत्र अंधेरी पूर्व में लगाया गया था। इस दरबार में शिकायतें सुनने के लिए मुंबई मनपा और मुरजी के दफ्तर से टोकन स्थानीय लोगों को बांटे गए थे। लेकिन लोगों की संख्या ज्यादा होने से अफरा तफरी का माहौल हो गया। इसी दौरान कुछ लोगों ने जनता दरबार के बाहर ही हंगामा मचाना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बार-बार आवेदन देने और शिकायत करने के बावजूद क्षेत्र में पानी की समस्या, गटर ओवरफ्लो, गलियों की मरम्मत और झोपड़पट्टी पुनर्विकास जैसे मुद्दों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। नाराज लोगों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि जनता दरबार सिर्फ दिखावा है। हंगामे के बाद मंत्री शेलार ने कहा कि उन्होंने नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लिया है और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवाद ही समाधान का रास्ता है, न कि हंगामा। इस बीच मनपा के एक अधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम के लिए 250 लोगों को टोकन दिया गया था, लेकिन तय संख्या से ज्यादा लोगों के पहुंचने से सभी की समस्याएं नहीं सुनी जा सकीं।
यह भी पढ़े -पूर्व विधायक भाऊराव पाटिल गोरेगांवकर ने थामा धनुष्य-बाण, मुंबई में होंगे शिंदे गुट में शामिल
सिर्फ वादों से पेट नहीं भरता
कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि जब जनता की समस्याएं अनसुनी की जाती हैं, तो यही होता है। मंत्रीजी को जनता दरबार की नहीं, जमीनी हकीकत की चिंता करनी चाहिए। सावंत ने कहा कि अब जनता समझ चुकी है कि सिर्फ वादों से पेट नहीं भरता। आने वाले चुनाव में जनता इन्हें जरूर सबक सिखाएगी।
Created On :   12 Oct 2025 9:26 PM IST