- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- सरकार के सभी संवर्गों के सेवा...
Mumbai News: सरकार के सभी संवर्गों के सेवा प्रवेश नियम में संशोधन करेंगे- मुख्यमंत्री

Mumbai News मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा प्रदेश सरकार के प्रत्येक संवर्गों (कैडर) के पदों और उसके जिम्मेदारियों में समय के अनुसार बड़े पैमाने पर बदलाव हुआ है। इसलिए अब राज्य के सभी संवर्गों के पदों के सेवा प्रवेश (नियुक्ति) नियम में संशोधन किया जाएगा। फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) को गतिशील बनाकर साल 2026 में बड़े पैमाने पर पदभर्ती की जाएगी।
शनिवार को राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से अनुकंपा के जरिए और लिपिक (क्लर्क) श्रेणी के 10 हजार 309 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। इसके तहत यशवंतराव चव्हाण सेंटर में आयोजित राज्यस्तरीय रोजगार मेला में मुख्यमंत्री ने 20 अभ्यर्थियों को सांकेतिक रूप में नियुक्ति पत्र वितरित किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार, राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, राज्य के विपणन मंत्री जयकुमार रावल, प्रदेश के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार समेत अन्य मंत्री मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 80 प्रतिशत अनुकंपा के पदों पर नियुक्ति कर दी गई है। जबकि अनुकंपा के 20 प्रतिशत रिक्त पदों को अगले तीन से चार महीने में भर लिया जाएगा। फडणवीस ने कहा कि राज्य के सरकारी कर्मियों के निधन पर उनके आश्रितों को अनुकंपा के जरिए नियुक्ति दी जाती है। लेकिन अनुकंपा नियुक्ति के लिए कई अभ्यर्थी 15-15 सालों सरकारी दफ्तरों में केवल चक्कर लगा रहे थे। सरकार की ओर से अनुकंपा नियुक्ति के लिए अलग-अलग 40 शासनादेश थे। लेकिन इसमें संशोधन करके अब एक शासनादेश लागू किया गया है।
परिवीक्षाधीन अवधि में अधिकारियों को भ्रष्टाचार में फंसना दुखद : मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने खुद दो से तीन ऐसे मामले देखे हैं जिसमें परिवीक्षाधीन अवधि के दौरान सरकारी अधिकारी भ्रष्टाचार की जाल में फंस गए हैं। मुझे इसका बहुत दुख हूं। क्योंकि सरकारी नौकरी की शुरुआत ऐसे कोई व्यक्ति करेगा तो वह जनता को क्या न्याय दे सकता है? फडणवीस ने कहा कि जीवन चलाने के लिए पैसा जरूरी होता है। उसके लिए सरकारी कर्मियों को वेतन मिलता है। लेकिन सरकारी कर्मियों को अपने जीवन का अंतिम लक्ष्य तय करना चाहिए।
शहीद उपनिरीक्षक मोरे की बेटी अनुष्का को 17 साल बाद नौकरी : मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 2008 में मुंबई के आतंकी हमले में पुलिस उपनिरीक्षक प्रकाश पांडुरंग मोरे शहीद हो गए थे। मोरे की बेटी अनुष्का प्रकाश मोरे को 17 साल बाद अनुकंपा के जरिए नियुक्ति प्रदान की गई है। अनुष्का को औषधि निर्माता समूह- ब पद पर नियुक्ति के लिए एमपीएससी से नियमों को शिथिल करने का आग्रह किया गया था।
जिलों में पालक मंत्रियों के हाथों नियुक्ति पत्र वितरित : प्रदेश के प्रत्येक जिले में अभ्यर्थियों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र का वितरण पालक मंत्रियों के हाथों किया गया। राज्य सरकार की ओर से नियुक्त 10,309 अभ्यर्थियों में से सबसे अधिक कोंकण विभाग के 3,078 अभ्यर्थी हैं। जबकि विदर्भ विभाग के 2,597, पुणे विभाग के 1,674, नाशिक विभाग के 1,250 और मराठवाड़ा के 1,710 अभ्यर्थी हैं।
Created On :   4 Oct 2025 6:53 PM IST